भरतपुर जिले में ढाई करोड़ का गबन, पूर्व महिला सरपंच और तीन अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज

भरतपुर 

भरतपुर जिले की एक पंचायत में करीब ढाई करोड़ के गबन का एक  मामला सामने आया है। इस पर ग्राम विकास अधिकारी ने पूर्व महिला सरपंच और तीन पूर्व ग्राम विकास अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज करते बताया है कि इन लोगों ने मिलीभगत कर निर्माण कार्य के लिए ग्राम पंचायत फंड से पैसे निकाले लेकिन उस पैसे का हिसाब नहीं दिया।

मामला भरतपुर जिले के  नगर थाना इलाके की ग्राम पंचायत तरोंडर का है। इस गबन के मामले में ग्राम विकास अधिकारी मुकेश शर्मा ने पूर्व सरपंच सावित्री देवी सहित 3 पूर्व ग्राम पंचायत के अधिकारियों के खिलाफ 2 करोड़ 43 लाख रुपए के गबन का मामला दर्ज करवाया है।

रिपोर्ट में ग्राम विकास अधिकारी ने कहा है कि  यह गबन साल 2015 से 2020 के बीच पूर्व सरपंच सावित्री देवी के कार्यकाल में किया गया। इस दौरान रहे ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी बनै सिंह, जूनियर असिस्टेंट राजेश कुमार और ग्राम विकास अधिकारी कुलदीप वशिष्ठ के साथ मिलकर पूर्व सरपंच ने निर्माण कार्य के लिए ग्राम पंचायत फंड से 2 करोड़ 43 लाख रुपए निकाले लेकिन उन निर्माण कार्यों का हिसाब नहीं दिया।

इनसे इसका हिसाब भी मांगा  गया, लेकिन इन्होंने कुछ भी नहीं बताया। न ही निर्माण कार्य की यूसी सीसी ग्राम पंचायत में जमा करवाई। ग्राम पंचायत के पैसे का गबन एफएफसी योजना के तहत किया गया।

क्या आपने ये खबरें भी पढ़ीं?