जयपुर
राजस्थान में कांग्रेस की सिर फुटब्बल शांत नहीं हो पा रही है। दिल्ली सबूतों की पोटली सौंप कर आए पायलट कैंप के विधायक वेद सोलंकी मंगलवार को एक बार फिर मीडिया के सामने आए और पार्टी के बड़े नेताओं पर जमकर हमला बोला और आशंका जताई कि उन्हें विरोधी खेमा हनी ट्रैप में फंसा सकता है।
वेद सोलंकी ने पत्रकारों से बातचीत के समय जयपुर जिला प्रमुख चुनाव से लेकर भरतपुर में पंचायत चुनाव में जाहिदा खान की ओर से की गई गड़बड़ियों के बारे में अपनी बात रखी। वेद सोलंकी ने आरोप लगाया कि पंचायत चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर पर्यवेक्षक ने 24 घण्टे में ही उनके खिलाफ रिपोर्ट बनाकर दिल्ली भेज दी। उन्होंने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ कि रिपोर्ट आनन-फानन में भेजी गई और उनसे उनका पक्ष तक नहीं जाना गया।
‘भरतपुर में विधायक जाहिदा के खिलाफ क्यों नहीं लिया गया एक्शन’
सोलंकी ने सवाल खड़ा किया कि वे भरतपुर जिले के इंचार्ज रहे हैं। उन्होंने विधायक जाहिद खान की गड़बड़ियों को लेकर शिकायत की थी। उन्होंने सवाल किया कि मुझ पर जल्दबाजी में आरोप भी लगा दिए गए, लेकिन जब उन्होंने भरतपुर का प्रभारी होने के नाते जाहिदा की शिकायत की तो उस पर एक्शन क्यों नहीं लिया गया।
‘बीएसपी, भाजपा सभी दलों में घूम आए गोविंद मेघवाल’
पायलट खेमे के विधायक वेद सोलंकी ने कांग्रेस के जयपुर जिला प्रभारी गोविंद मेघवाल को भी जमकर घेरा और कहा कि गोविंद मेघवाल बीएसपी, भाजपा सभी दलों में घूमकर आए हैं, हमने 50 लोगों के लिए रिसोर्ट बुक कराया, उसके बाद भी वे नहीं आए।
सोलंकी ने कहा कि मेरे विरोधियों को बैठाकर मुझ पर आरोप लगाए जा रहे हैं, जिन लोगों को वे आगे कर रहे हैं उन्होंने, एक भी व्यक्ति के पक्ष में प्रचार नहीं किया। सोलंकी ने मांग की कि भाजपा की बाड़ाबंदी में जो नेता थे उन्हें तत्काल सजा मिलनी चाहिए, अगर मेरे खिलाफ तथ्य मिलें तो मुझ पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। सोलंकी ने कहा कि गोविन्द मेघवाल को खुद को ही यह पता नहीं कि किस-किस पार्टी से चुनाव लड़ा है और वे मुझसे सर्टिफिकेट मांग रहे हैं।
टिकट दिलाने में बाबूलाल नागर की भी भूमिका थी
सोलंकी का कहना था कि जैकी टाटीवाल को टिकट मैंने दिलाया था, लेकिन रमा चोपड़ा को टिकट दिलाने में मेरी और बाबूलाल नागर की भूमिका थी, नागर को लेकर कोई भी बात नहीं हो रही है। सोलंकी ने कहा कि उनके खिलाफ लंबे समय से षड्यंत्र होते आए हैं, लेकिन वे न तो दबे हैं और न दबेंगे।
हनी ट्रैप में फंसाया जा सकता है
सोलंकी ने आशंका जताई कि उन्हें हनी ट्रैप में फंसाया जा सकता है। इसके लिए उन्होंने बजाजनगर थाने में मामला भी दर्ज करवाने की कोशिश की, लेकिन मेरा मामला दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में मैंने उच्च अधिकारियों से बात की है।
क्या आपने ये खबरें भी पढ़ीं?
- लैंड पूलिंग पर किसानों का बड़ा विरोध, भाजपा कार्यालय में गरमाई बैठक | 12 गांवों के किसान आमने-सामने, आयोग अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
- बैंक में CBI का ‘जाल’… रिश्वत का पूरा खेल ध्वस्त | नोट हाथ में लेते ही ब्रांच मैनेजर और बैंक मित्र रंगे हाथ दबोचे गए
- नौवीं अखिल भारतीय चैंपियनशिप का भव्य आगाज़ | 180 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
- नौवीं अखिल भारतीय चैंपियनशिप का भव्य आगाज़ | 180 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
- अब AI बताएगा कौन बनेगा अगला स्टार | श्रेयस अय्यर जुड़े इस क्रिकेट प्लेटफॉर्म से, युवा खिलाड़ियों को मिलेगा सीधा मौका
- केक नहीं, पेड़ लगाओ | MPUAT के छात्रों को मिला पर्यावरण बचाने का अनोखा मंत्र, जन्मदिन पर वृक्षारोपण का आह्वान
