कूनो नेशनल पार्क से करीब 200 किलोमीटर दूर बयाना के जंगलों में पहुंचे चीते KGP-13 को मध्य प्रदेश और राजस्थान वन विभाग की संयुक्त टीम ने ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू किया।
बयाना (राजीव झालानी)। मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से निकलकर करीब 200 किलोमीटर का जंगलों का सफर तय करने वाला विदेशी चीता आखिरकार वन विभाग के शिकंजे में आ गया। बयाना के जंगलों में लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा KGP-13 वन विभाग की टीमों के लिए चुनौती बना हुआ था। कभी बंध बरेठा अभयारण्य तो कभी बंसी पहाड़पुर और श्री कैला देवी झील का बड़ा के जंगलों में उसकी मौजूदगी से वन विभाग की टीमें अलर्ट थीं। आखिरकार मंगलवार को कूनो से पहुंचे विशेषज्ञों और बयाना वन विभाग की संयुक्त टीम ने लंबी मशक्कत के बाद उसे ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
दो दिन तक जंगलों में पीछा, फिर विशेषज्ञों ने संभाला मोर्चा
KGP-13 चीते की लगातार बदलती लोकेशन के चलते उसे पकड़ना आसान नहीं था। बयाना वन विभाग की टीमें पिछले दो दिनों से जंगलों में उसकी गतिविधियों पर नजर रखकर ट्रैकिंग कर रही थीं। मंगलवार को मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से विशेषज्ञों की टीम भी बयाना पहुंच गई। इसके बाद दोनों राज्यों के वन विभाग की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
विशेषज्ञों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत चीते को ट्रेंकुलाइज किया और सुरक्षित अपने नियंत्रण में ले लिया। इस तरह कई दिनों से जंगलों में घूम रहे चीते को आखिरकार सुरक्षित पकड़ने में सफलता मिल गई।
एसी वैन में बैठाकर वापस कूनो ले गए चीते को
रेस्क्यू के बाद KGP-13 को विशेष एसी वैन में सुरक्षित रखा गया। इसके बाद विशेषज्ञों की टीम उसे वापस मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क ले गई। दो दिनों की लगातार ट्रैकिंग और संयुक्त टीम की सतर्कता के बाद हुए इस सफल रेस्क्यू से वन विभाग ने राहत की सांस ली है।
चीते की मौजूदगी से ग्रामीणों में भी था खौफ
बयाना के जंगलों में विदेशी चीते की मौजूदगी को लेकर वन विभाग लगातार अलर्ट मोड पर था। जंगलों के आसपास रहने वाले ग्रामीणों में भी उसकी आवाजाही को लेकर चिंता बनी हुई थी। वहीं, इलाके में सक्रिय अवैध खनन माफियाओं के बीच भी चीते की मौजूदगी से हड़कंप मचा हुआ था। अब चीते को सुरक्षित कूनो पहुंचाए जाने के बाद वन विभाग के साथ ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
