शराब तस्कर को छोड़ने के लिए मांगे 2 लाख, थाने में ही वसूली और मारपीट के आरोप, ACB पहुंची तो मचा हड़कंप

उदयपुर के ऋषभदेव थाने में शराब तस्कर को छोड़ने के बदले 2 लाख रुपए मांगने और मारपीट के आरोप लगे हैं। एसीबी ने एएसआई रणजीत, कांस्टेबल कैलाश मीणा और अन्य पहलुओं की जांच शुरू की।

उदयपुर। जिस पुलिस थाने में अपराधियों पर कार्रवाई होनी चाहिए, वहीं एक शराब तस्कर को छोड़ने के बदले 2 लाख रुपए मांगने का सनसनीखेज आरोप सामने आया है। मामला उदयपुर के ऋषभदेव थाने का है। आरोप है कि हिरासत में लिए गए शराब तस्कर को छोड़ने के लिए एक एएसआई ने थानाधिकारी के नाम पर रिश्वत मांगी। रकम नहीं मिलने पर थाने के भीतर ही उसके साथ मारपीट की गई। शिकायत एसीबी तक पहुंची तो जांच टीम सीधे थाने जा पहुंची।

दो दिन पहले हिरासत, फिर 2 लाख की डिमांड

मामले के अनुसार, करीब दो दिन पहले ऋषभदेव थाने के एएसआई रणजीत और कांस्टेबल कैलाश मीणा ने कथित तौर पर एक शराब तस्कर को हिरासत में लिया था। उसे थाने लाने के बाद उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। इसके बाद उसे छोड़ने की एवज में 2 लाख रुपए मांगे गए। सबसे गंभीर आरोप यह है कि एएसआई रणजीत ने रिश्वत की यह रकम थानाधिकारी सीआई हेमंत अहारी के नाम पर मांगी थी। जब रकम नहीं मिली तो कथित तौर पर थाने के अंदर मारपीट की गई। हालांकि, इन आरोपों की अभी जांच चल रही है।

शिकायत पहुंची तो थाने में पहुंच गई ACB की टीम

रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मामले को गंभीरता से लिया। एसीबी स्पेशल यूनिट के एएसपी राजीव जोशी के नेतृत्व में टीम ऋषभदेव थाने पहुंची और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल शुरू कर दी। टीम ने संबंधित पुलिसकर्मियों से पूछताछ की और शिकायत से जुड़े तथ्यों की जांच की। जांच के दौरान ऋषभदेव डीएसपी को भी मौके पर बुलाया गया।

अब जांच के घेरे में ये तीन बड़े सवाल

एसीबी की पड़ताल का केंद्र यह है कि 2 लाख रुपए की मांग वास्तव में किसने की? क्या एएसआई ने थानाधिकारी का नाम लेकर अपने स्तर पर रिश्वत मांगी थी या इस कथित वसूली में अन्य पुलिसकर्मियों की भी भूमिका थी? साथ ही थाने के भीतर मारपीट के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल एसीबी शिकायत और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा कि रिश्वत मांगने और मारपीट के आरोपों में कितनी सच्चाई है और इस मामले में किन पुलिसकर्मियों की भूमिका सामने आती है।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

एफआईआर दर्ज है तो क्या सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी? राजस्थान हाईकोर्ट ने उठाए 4 बड़े सवाल, अब बड़ी पीठ करेगी फैसला

जीजा ने सालों की घुड़चढ़ी में लुटाया ऐसा प्यार, 500-500 के नोटों से बनी 2 करोड़ की मालाएं पहनाईं, नजारा देख गांव रह गया दंग

खाटूश्यामजी से लौट रहे परिवार पर कहर: कोटा हाईवे पर खड़े ट्रक में घुसी क्रूजर, 9 की मौत

दो साल का इंतजार खत्म, सिविल जज बनने का बड़ा मौका, 365 पदों पर निकली PCS-J भर्ती; जानें कब से आवेदन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *