सवाई माधोपुर के राजबाग में औषधि नियंत्रण विभाग ने करीब दो लाख रुपये की रेबिट्रा डीएसआर दवा जब्त की। एसबी एसोसिएट, वितरक और निर्माता के खिलाफ कार्रवाई।
सवाई माधोपुर (चंदू शर्मा)। मरीज पेट की तकलीफ से राहत पाने के लिए दवा खरीदता है, लेकिन उसे मिलने वाली दवा ही गुणवत्ता के पैमाने पर खरी न उतरे तो सवाल उठना लाजिमी है। सवाई माधोपुर में औषधि नियंत्रण विभाग की कार्रवाई ने दवा कारोबार को लेकर ऐसे ही सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के राजबाग इलाके में विभाग ने करीब दो लाख रुपये कीमत की रेबिट्रा डीएसआर दवा का भारी स्टॉक जब्त किया है। जांच में इसी दवा का सैंपल अमानक पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
सहायक औषधि नियंत्रक अधिकारी चंद्र प्रकाश जाटव ने बताया कि डीसीओ सिंधु शर्मा ने कुछ समय पहले एसबी एसोसिएट फर्म का निरीक्षण कर रेबिट्रा डीएसआर (रेबेप्राजोल-डॉम्परिडोन) का नमूना लिया था। जांच रिपोर्ट में दवा अमानक पाए जाने के बाद विभाग ने शुक्रवार को फर्म पर कार्रवाई करते हुए दवा का पूरा स्टॉक जब्त कर लिया। जब्त दवा का बाजार मूल्य करीब दो लाख रुपये बताया गया है।
फर्म मालिक से लेकर निर्माता तक कार्रवाई की जद में
इस मामले में विभाग ने फर्म मालिक मुकेश मोदी, वितरक एसट्रिका बायोमेडिक और दवा निर्माता जीनोंन लाइफसाइंस, अहमदाबाद के खिलाफ मामला दर्ज किया है। संबंधित पक्षों को अदालत में पेश किया गया। विभाग की इस कार्रवाई के बाद शहर के दवा विक्रेताओं में हड़कंप मच गया।
डॉक्टरों की कथित सांठगांठ और कमीशन के खेल पर भी सवाल
इस कार्रवाई के साथ ही दवा बाजार में ब्रांड के चयन और उनकी बिक्री को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप हैं कि कुछ संगठित दवा कारोबारियों की चिकित्सकों के साथ सांठगांठ रहती है। कथित तौर पर ऐसे ब्रांड मरीजों को लिखे जाते हैं, जिनकी बिक्री चुनिंदा मेडिकल स्टोर तक सीमित रहती है। इन मेडिकल स्टोर के चिकित्सकों के घरों पर संचालित होने के आरोप भी लगाए जाते रहे हैं। इन आरोपों के मुताबिक, संबंधित दवाओं की कीमत उसी साल्ट के दूसरे ब्रांडों की तुलना में काफी अधिक होती है। वहीं, डॉक्टरों को कमीशन मिलने और निर्माता, वितरक व थोक विक्रेताओं के मोटा मुनाफा कमाने की बात भी सामने आती रही है।
हालांकि, इन व्यापक आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और इस मामले में संबंधित चिकित्सकों की भूमिका की जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल सवाई माधोपुर में औषधि नियंत्रण विभाग की कार्रवाई ने दवा की गुणवत्ता और मरीजों को बेची जा रही दवाओं की निगरानी को लेकर बहस छेड़ दी है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
दो साल का इंतजार खत्म, सिविल जज बनने का बड़ा मौका, 365 पदों पर निकली PCS-J भर्ती; जानें कब से आवेदन
