भरतपुर के एसवीके बालिका विद्यालय में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत रंगोली प्रतियोगिता और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
भरतपुर। बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता की मुहिम अब स्कूलों तक पहुंच रही है। शनिवार को भरतपुर के एसवीके बालिका विद्यालय में छात्राओं ने रंगों और कलात्मक अभिव्यक्ति के जरिए बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ आवाज बुलंद की। मौका था बाल अधिकारिता विभाग की ओर से संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम का।
कार्यक्रम में छात्राओं ने आकर्षक रंगोलियां बनाकर बाल विवाह रोकने और बेटियों को शिक्षा के अवसर देने का संदेश दिया। किसी रंगोली में बाल विवाह बंद करने की अपील थी तो किसी में ‘बेटी पढ़ाओ, आगे बढ़ाओ’ का संकल्प नजर आया। छात्राओं ने उत्साह के साथ भागीदारी निभाते हुए अपनी रचनात्मकता से सामाजिक बदलाव का संदेश दिया।
इस दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम ने छात्राओं को बाल विवाह से जुड़े कानूनी प्रावधानों और इसके शारीरिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। टीम ने समझाया कि बाल विवाह दंडनीय अपराध है और इसका बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य तथा भविष्य पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं को यह भी बताया गया कि यदि उनके आसपास कहीं बाल विवाह होने की जानकारी मिले तो वे बिना किसी डर के चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल-फ्री नंबर 1098 पर सूचना दे सकती हैं। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
विद्यालय प्रशासन ने चाइल्ड हेल्पलाइन टीम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रंगोली जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को उनके अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना प्रभावी प्रयास है। कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन कोऑर्डिनेटर प्रेमराज परनामी, काउंसलर खुश्बू कश्यप, सुपरवाइजर शंकरदयाल, जन साहस संस्था से आकाश कुमार, विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
दो साल का इंतजार खत्म, सिविल जज बनने का बड़ा मौका, 365 पदों पर निकली PCS-J भर्ती; जानें कब से आवेदन
