महाराष्ट्र के भंडारा में शुक्रवार तड़के रायपुर से नागपुर जा रही मजदूरों से भरी जीप ट्रक से टकरा गई। हादसे में 6 महिलाओं और 3 बच्चों समेत 9 लोगों की मौत हो गई।
भंडारा। शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे हाईवे पर अचानक हुई एक भीषण टक्कर ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। रायपुर से नागपुर की ओर मजदूरों को लेकर जा रही जीप भंडारा जिले के लाखनी तालुका में पिंपलगांव (मुंडीपार) के पास एक ट्रक से जा भिड़की। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जीप का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
हादसे में छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की मौत हो गई। इनमें 6 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। जीप में सवार कई अन्य मजदूर भी घायल हुए हैं। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पेट्रोल पंप से निकलते ही सामने आ गई मौत
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मुंडीपार इलाके के एक पेट्रोल पंप पर ट्रक में डीजल भराया गया था। इसके बाद ट्रक हाईवे पर चढ़ रहा था। इसी दौरान रायपुर की तरफ से नागपुर जा रही मजदूरों से भरी जीप ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि जीप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी घटनास्थल पर पहुंचने लगे।
9 मौतों से पसरा मातम
एक साथ 9 लोगों की मौत की खबर सामने आते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल होने से हादसे की भयावहता और बढ़ गई। पुलिस ने मृतकों की पहचान की प्रक्रिया पूरी कर उनके परिजनों को सूचना दी है। वहीं घायलों को इलाज के लिए भंडारा के सरकारी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। अस्पताल में भर्ती कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस पहुंची तो शुरू हुआ राहत-बचाव
हादसे की सूचना मिलते ही लाखनी-साकोली पुलिस और गड़ेगांव हाईवे पुलिस चौकी की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त जीप और ट्रक सड़क पर पड़े होने से हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच जारी
फिलहाल पुलिस हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। ट्रक हाईवे पर किस स्थिति में चढ़ रहा था और जीप उससे कैसे टकराई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों को खंगाल रही है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क पर सफर कर रहे उन मजदूर परिवारों की मुश्किल तस्वीर सामने ला दी, जो रोजी-रोटी के लिए एक शहर से दूसरे शहर की ओर निकलते हैं और कई बार उनका सफर अचानक मातम में बदल जाता है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
