भरतपुर के रामेश्वरी देवी कन्या महाविद्यालय में ईको क्लब के तत्वावधान में पौधरोपण अभियान चलाया गया। अमलतास, कदंब, पीपल, नीम, शीशम समेत कई पौधे लगाए गए।
भरतपुर। रामेश्वरी देवी कन्या महाविद्यालय में पर्यावरण संरक्षण को लेकर छात्राओं और कॉलेज स्टाफ ने पौधरोपण अभियान चलाया। ईको क्लब के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. उर्मिला मीणा ने की। इस दौरान कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
अभियान के दौरान अमलतास, कदंब, पीपल, शीशम, नीम, हरसिंगार, इमली, बेलपत्र, गुलमोहर और चंपा के पौधे रोपे गए। कार्यक्रम का उद्देश्य कॉलेज परिसर को अधिक हरा-भरा बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
पौधे लगाना ही नहीं, उनकी देखभाल भी जरूरी
प्राचार्य डॉ. उर्मिला मीणा ने कहा कि पेड़-पौधे केवल वातावरण को स्वच्छ रखने में ही महत्वपूर्ण भूमिका नहीं निभाते, बल्कि पशु-पक्षियों को आश्रय भी देते हैं। उन्होंने पौधरोपण के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल पर भी जोर दिया।
ईको क्लब प्रभारी डॉ. अंजु पाठक ने सभी से लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समय पर पानी देने, पौधों की सुरक्षा करने और उनकी नियमित देखभाल से ही पौधरोपण अभियान का वास्तविक उद्देश्य पूरा होगा।
छात्राओं और स्टाफ ने लिया उत्साह से हिस्सा
कार्यक्रम में छात्राओं के साथ संकाय सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। ईको क्लब समिति के सदस्य डॉ. दीप्ति अग्रवाल, डॉ. नटवर सिंह, डॉ. जयराम, पुनीता खंडूरी और नीरज सिंह ने आयोजन में सहयोग किया।
इस अवसर पर डॉ. निशा गोयल, डॉ. लाला शंकर गयावाल, डॉ. रेखा शर्मा, मनीष पुरी, कुमकुम और राहुल भी उपस्थित रहे।
महाविद्यालय परिसर में लगाए गए विभिन्न पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल पर भी जोर दिया गया, ताकि आज लगाए गए ये पौधे आने वाले समय में कॉलेज परिसर की हरियाली और पर्यावरण को मजबूत करने में योगदान दे सकें।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
