राजस्थान के 309 शहरी निकायों में आरक्षण लॉटरी से मेयर, सभापति और चेयरमैन पदों की तस्वीर साफ हो गई। जयपुर-जोधपुर-उदयपुर-बीकानेर अनारक्षित, कोटा OBC महिला के लिए आरक्षित।
जयपुर। राजस्थान में आगामी शहरी निकाय चुनावों को लेकर गुरुवार को तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई। जयपुर स्थित स्वायत्त शासन निदेशालय के सभागार में निकाय प्रमुखों के पदों के लिए आरक्षण की लॉटरी निकाली गई। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। शासन सचिव रवि जैन की अध्यक्षता में हुई प्रक्रिया में अलग-अलग वर्गों के लिए आरक्षण तय किया गया।
प्रदेश के 309 शहरी निकायों में मेयर, सभापति और चेयरमैन पदों के आरक्षण का खाका सामने आने के साथ ही अब राजनीतिक दलों की नजर संभावित उम्मीदवारों और चुनावी समीकरणों पर टिक गई है।
309 में 121 पद आरक्षित, 188 अनारक्षित
आरक्षण की तस्वीर देखें तो कुल 309 निकायों में 121 प्रमुख पद आरक्षित किए गए हैं, जबकि 188 पद अनारक्षित रखे गए हैं।
आरक्षित 121 पदों में:
- SC के लिए 50 पद, इनमें 16 महिला
- ST के लिए 11 पद, इनमें 3 महिला
- OBC के लिए 60 पद, इनमें 21 महिला
वहीं 188 अनारक्षित पदों में भी 62 पद महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे।
जयपुर-जोधपुर-उदयपुर-बीकानेर में किसी भी वर्ग का मेयर
नगर निगमों की लॉटरी में बड़े शहरों के लिए भी महत्वपूर्ण तस्वीर सामने आई है। जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और बीकानेर नगर निगम को अनारक्षित रखा गया है। यानी इन चारों निगमों में किसी भी वर्ग का उम्मीदवार मेयर बन सकता है।
वहीं अलवर, अजमेर, भीलवाड़ा, भरतपुर और पाली नगर निगम में मेयर का पद महिला के लिए आरक्षित किया गया है।
कोटा नगर निगम में मेयर का पद OBC महिला के लिए आरक्षित हुआ है।
तीन स्तर के निकाय, अलग-अलग होंगे प्रमुख
राजस्थान के 309 शहरी निकायों में तीन तरह के निकाय शामिल हैं। इनमें बड़े शहरों के 10 नगर निगम हैं, जहां मेयर या महापौर चुने जाएंगे। इसके बाद मध्यम आकार के 51 निकाय हैं, जहां सभापति का चुनाव होगा। छोटे शहरों और कस्बों की 248 नगरपालिकाओं में चेयरमैन चुने जाएंगे।
अजमेर संभाग में OBC आरक्षण से बदले समीकरण
लॉटरी की शुरुआत अजमेर संभाग से हुई। यहां नावां, नागौर, हमीरगढ़, रियाबड़ी, सरवाड़, लाडनूं, जायल, डीडवाना, बासनी और जैतारण को OBC वर्ग के लिए आरक्षित किया गया। वहीं तीन निकाय OBC महिला वर्ग के लिए आरक्षित किए गए।
अनारक्षित वर्ग के लिए अजमेर संभाग के 28 निकाय रखे गए हैं। इनमें महिला वर्ग के लिए गंगापुर, भीलवाड़ा, सावर, विजयनगर, ब्यावर, बिजोलिया, अजमेर, लम्बाहरिसिंह, जहाजपुर, मेड़ता सिटी, मांडलगढ़ और गुलाबपुर शामिल हैं।
कोटा संभाग में 5 निकाय OBC के खाते में
कोटा संभाग में अकलेरा, झालावाड़, अंता, कोटा और सुकेत को OBC वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है।
बीकानेर संभाग में इन निकायों पर OBC आरक्षण
बीकानेर संभाग में लूणकरणसर, सुजानगढ़, खाजूवाला, केसरीसिंहपुर, सरदारशहर, राजगढ़, चूरू और नोखा OBC वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं।
भरतपुर संभाग में OBC महिला की तस्वीर
भरतपुर संभाग में राजाखेड़ा और सरमथुरा OBC महिला वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं। वहीं रूपवास, बौंली, बृजनगर और सवाई माधोपुर OBC वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं।
जयपुर संभाग में OBC के लिए 19 निकाय
जयपुर संभाग में OBC आरक्षण के तहत अजीतगढ़, विराट नगर, विद्या विहार, मलसीसर, नीमराना, बहादुरपुर, बांदीकुई, भिवाड़ी, श्रीमाधोपुर, खेतड़ी, राजगढ़, चिढ़ावा, दौसा, खाटूश्यामजी, पलसाना, दांतारामगढ़, मुंडावर, डूंडलोद सहित 19 निकायों को OBC वर्ग के लिए आरक्षित किया गया।
OBC महिला वर्ग में बांदीकुई, दौसा, नौगांव, खेतड़ी, नीमराना और खाटूश्यामजी को आरक्षण दिया गया।
जयपुर संभाग में बड़ी संख्या में निकायों को अनारक्षित वर्ग में भी रखा गया है। इनमें जयपुर, बहरोड़, बिसाऊ, पिलानी, मुकुंदगढ़, किशनगढ़बास, रामगढ़ शेखावाटी, बानसूर, खंडेला, नारायणपुर, अलवर, लक्ष्मणगढ़, फागी, कालाडेरा, सुल्ताना, जाखल, कोटकासिम, बगड़, बसवा, सिंघाना, सांभर, तिजारा, गोविंदगढ़, चाकसू, फुलेरा, जोबनेर और नीमकाथाना समेत कई निकाय शामिल हैं।
उदयपुर संभाग में 5 निकाय OBC
उदयपुर संभाग में सागवाड़ा, देवगढ़, धरियावद, कानोड़ और कुशलगढ़ को OBC वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। इनमें सागवाड़ा और देवगढ़ OBC महिला वर्ग के लिए हैं।
वहीं रावतभाटा, डूंगरपुर, भीम, छोटी सादड़ी, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ और गढ़ी को अनारक्षित वर्ग में रखा गया है।
अब आरक्षण के साथ शुरू होगी टिकट की जंग
आरक्षण की लॉटरी निकलने के बाद अब राजनीतिक दलों के सामने अगली चुनौती उम्मीदवारों के चयन की होगी। जिन निकायों में पद महिला, OBC, SC या ST के लिए आरक्षित हुए हैं, वहां उसी हिसाब से दावेदारों की तलाश तेज होगी। दूसरी तरफ अनारक्षित निकायों में टिकट के लिए स्थानीय नेताओं की दावेदारी का मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
