दौसा मानव सेवा संस्थान द्वारा श्री सहज नाथ महादेव मंदिर से जिला चिकित्सालय तक आरोग्य कलश यात्रा निकाली गई। सैकड़ों महिलाओं ने स्वस्थ जीवन और मानव कल्याण की कामना करते हुए भाग लिया।
दौसा। शहर की सड़कों पर रविवार को आस्था, सेवा और जनकल्याण का अनूठा संगम देखने को मिला। सिर पर कलश धारण किए सैकड़ों महिलाएं जब भगवान शिव के जयकारों और बैंड-बाजों की मधुर स्वर लहरियों के बीच आगे बढ़ीं तो पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। अवसर था दोसा मानव सेवा संस्थान द्वारा आयोजित आरोग्य कलश यात्रा का, जिसका उद्देश्य मानव कल्याण और सभी के स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना करना था।
यात्रा की शुरुआत श्री सहज नाथ महादेव मंदिर से हुई। कलश यात्रा में शामिल महिलाएं सिर पर कलश रखकर समाज के प्रत्येक व्यक्ति के स्वस्थ, खुशहाल और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करती हुई आगे बढ़ रही थीं। यात्रा में मानव सेवा संस्थान के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी साथ चल रहे थे तथा महिलाओं का उत्साहवर्धन कर रहे थे।
कलश यात्रा के आगे बैंड-बाजों की धुनों पर महिलाएं नृत्य करती हुई चल रही थीं। शहर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। यात्रा जिला चिकित्सालय परिसर के मुख्य द्वार से प्रवेश कर पीएमओ कार्यालय के सामने से होते हुए सभा स्थल तक पहुंची।
सभा स्थल पर चल रहे गायत्री यज्ञ में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडितों द्वारा संपन्न कराए गए हवन में सैकड़ों महिलाओं ने आहुतियां देकर समाज और मानवता के कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर मानव सेवा संस्थान के अध्यक्ष ओपी शर्मा ने कलश यात्रा के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्थान का मूल मंत्र “नर सेवा ही नारायण सेवा” है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया जा रहा है कि सभी लोग स्वस्थ रहें, खुशहाल रहें और जिन साथीजन बीमार हैं वे शीघ्र स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौटें। उन्होंने कहा कि संस्थान आगे भी सेवा कार्यों को इसी भावना के साथ जारी रखेगा।
ओपी शर्मा ने बताया कि संस्थान द्वारा जिला चिकित्सालय से गांधी तिराहे तक एक ई-रिक्शा सेवा भी संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से मरीजों और उनके परिजनों को प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से सायं 4 बजे तक निशुल्क आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
यज्ञ पूर्ण होने के बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। साथ ही आयोजकों की ओर से ठंडाई एवं शीतल जल की विशेष व्यवस्था की गई, जिसका उपस्थित महिलाओं और श्रद्धालुओं ने आनंद लिया।
कार्यक्रम के समापन पर संस्थान के उपाध्यक्ष भगवान वर्मा ने कल्याण कलश यात्रा में शामिल सभी माताओं, बहनों और महिला श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मानव सेवा और जनकल्याण के इस अभियान में सहभागिता कर सभी ने पुण्य अर्जित किया है। उन्होंने सभी के परिवारों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
कार्यक्रम में संस्थान के पदाधिकारियों एवं सदस्यों में बनवारी लाल, मुकुट पाठक, सीताराम शर्मा, गोवर्धन लाल पंडा, महेश आचार्य, रामबाबू गुप्ता, आशीष आचार्य, महेश बादल, एन.आर. बालोत, अशोक भागोती, उर्मिला जोशी, निर्मला मीणा, सुरेखा अब्रॉल, सुमन जाखड़ सहित सैकड़ों महिला एवं पुरुष कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
योग को बोरिंग समझते हैं? जरा रुकिए… | जानवरों की तरह पोज बनाइए, फोटो खींचिए और फिटनेस का मजा लीजिए
