अस्पताल पहुंचने से पहले ‘आग का ताबूत’ बनी स्कॉर्पियो | कांग्रेस नेता समेत परिवार के 4 लोग जिंदा जले, हत्या के एंगल से भी जांच

अजमेर के बोराड़ा इलाके में चलती स्कॉर्पियो में भीषण आग लगने से कांग्रेस नेता रामसिंह चौधरी समेत परिवार के 4 लोग जिंदा जल गए। पुलिस हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है।

‘नई हवा’ की खबरों से जुड़ने के लिए हमारे WhatsApp Channel को follow करें ।

अजमेर

अजमेर की सुबह गुरुवार को ऐसी चीखों से कांपी, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। अराई रोड पर दौड़ती एक स्कॉर्पियो अचानक आग के गोले में बदल गई और देखते ही देखते उसमें सवार चार लोग जिंदा जल गए। मरने वालों में कांग्रेस नेता और पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी, उनकी पत्नी, मां और भांजी शामिल हैं। हादसे के बाद सड़क पर सिर्फ धुएं से काली हुई कार बची और भीतर जली हुई लाशें… दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर पहुंचे ग्रामीणों के रोंगटे खड़े हो गए।

डीजल नहीं, पानी छोड़कर दौड़ेगी ट्रेन | भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को मिली हरी झंडी, दुनिया के चुनिंदा देशों की कतार में पहुंचा देश

यह दर्दनाक घटना गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे बोराड़ा थाना क्षेत्र में काशीर और बोराड़ा गांव के बीच हुई। बताया जा रहा है कि रामसिंह चौधरी अपनी मां पूसी देवी को अस्पताल लेकर जा रहे थे। सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और सीने में तेज दर्द उठा था। परिवार जल्दबाजी में स्कॉर्पियो से निकला, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मौत ने उन्हें घेर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चलती कार से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही सेकंड में आग ने पूरी स्कॉर्पियो को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में आखिरी सांस ली।

घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस और दमकल टीम को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आसपास से पानी के टैंकर बुलवाए गए, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था।

मामला अब सिर्फ हादसा नहीं माना जा रहा। शुरुआती जांच में कार में आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है। यही कारण है कि पुलिस इसे हत्या के एंगल से भी जांच रही है। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया गया है, जिसने कार के अवशेषों और आसपास से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी और साजिश—हर संभावना पर जांच चल रही है।

अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला खुद पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। डिप्टी आयुष वशिष्ठ, बोराड़ा थाना अधिकारी सूर्यभान सिंह और अरांई थाना अधिकारी रोशन सामरिया मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी, लेकिन हर पहलू को गंभीरता से खंगाला जा रहा है।

जिस कार में परिवार अस्पताल पहुंचने निकला था, वही कुछ मिनटों में उनकी चिता बन गई… और अब अजमेर पूछ रहा है—यह हादसा था या किसी खौफनाक साजिश की आग?

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

तेल-तेल चिल्ला रही दुनिया… और बंगाल से आई बड़ी खबर | अशोकनगर के नीचे दबा है ‘ब्लैक गोल्ड’, दिल्ली से ONGC तक बढ़ी हलचल

90 साल की सास को पीठ पर लादकर 3 KM चली बहू | बैंक से 500 रुपये की पेंशन के लिए सिस्टम से जंग की दिल दहला देने वाली तस्वीर, वीडियो ने झकझोर दिया देश

30 की उम्र में ही हड्डियां हो रहीं खोखली | ये आदतें चुपचाप शरीर को बना रही हैं ‘फ्रैक्चर मशीन’

‘नई हवा’ की खबरों से जुड़ने के लिए हमारे WhatsApp Channel को follow करें ।