श्मशान घाट में गूंजी भागवत, फिर उठी राम नाम सत्य की आवाज | भुसावर में अनोखे आयोजन ने जोड़ दिया पूरा कस्बा

भुसावर में पहली बार श्मशान घाट पर आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ। आयोजन में सर्व समाज ने भाग लिया।

‘नई हवा’ की खबरों से जुड़ने के लिए हमारे WhatsApp Channel को follow करें ।

भुसावर (विष्णु सैन)

भुसावर कस्बे में पहली बार ऐसा दृश्य देखने को मिला, जब श्मशान घाट में सात दिन तक भक्ति, भागवत और भजन की स्वर लहरियां गूंजती रहीं। सुहारी सड़क मार्ग स्थित बादशाह की हॉद मोक्षधाम में पितृ आह्वान, संकल्प और मोक्ष प्राप्ति की कामना को लेकर आयोजित संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हो गया।

सात दिवसीय आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और कथा श्रवण कर धर्मलाभ लिया। एक ओर ‘जय-जय श्री राधे’ के जयकारे गूंजते रहे, तो दूसरी ओर ‘राम नाम सत्य है’ की आवाजों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक भाव से भर दिया।

कथा समापन के बाद कथा वाचक पंडित पुष्पेंद्र मिश्र एवं आयोजक ठाकुर ठाकुरानी मंडल के सदस्यों ने कस्बे के गणमान्य नागरिकों के साथ बस स्टैंड के पास हिंडौन सड़क मार्ग स्थित पार वाले हनुमान जी मंदिर परिसर में भगवान परशुराम मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। भगवान परशुराम को माला और साफा पहनाकर सफल आयोजन के लिए आभार जताया गया तथा सर्व समाज के सहयोग के लिए पुष्प अर्पित किए गए।

इसके बाद कस्बे की पुरानी सब्जी मंडी स्थित सेठ मांगीलाल भड़ाके वालों की धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में समस्त अग्रवाल समाज की ओर से भी सहयोगकर्ताओं का सम्मान किया गया। समाज के अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माला और साफा पहनाकर सभी का आभार व्यक्त किया गया।

इसी क्रम में रणधीरगढ़ सड़क मार्ग स्थित महात्मा ज्योतिराव फूले की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया। यहां सैनी-माली समाज के लोगों का आभार जताते हुए भविष्य में भी इसी तरह सहयोग बनाए रखने की अपील की गई। आयोजन के दौरान परिवारों में सुख, शांति और समृद्धि तथा क्षेत्र में खुशहाली की कामना भी की गई।

कार्यक्रम में भोला, दिनेश पाण्डेय, विष्णु सैन, यादराम सैनी, रामस्वरूप सैनी, पूर्व पार्षद एवं फल-सब्जी मंडी अढ़ातिया कैलाश सैनी, सत्येंद्र कुमार सिंघल, प्रमोद सर्राफ, रघुपत गुप्ता, पिन्टू, खैम सहित ठाकुर ठाकुरानी भक्त मंडल के अनेक सदस्य मौजूद रहे।

आयोजकों ने सामाजिक समरसता पर जोर देते हुए कहा कि धर्म और समाज सेवा के ऐसे आयोजन लोगों को जोड़ने का काम करते हैं।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

‘नई हवा’ की खबरों से जुड़ने के लिए हमारे WhatsApp Channel को follow करें ।