बुलंदशहर
बुलंदशहर में श्रद्धा से भरी रात अचानक चीखों से कांप उठी। एनएच-34 पर अरनिया क्षेत्र के घटाल गांव के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रौंद डाला। कासगंज से गोगामेड़ी दरबार जा रहे भक्तों का कारवां पलक झपकते मातम में बदल गया। हादसे में 9 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग खून से लथपथ अस्पतालों में जिंदगी से जंग लड़ रहे हैं। मरने वाले सभी श्रद्धालु कासगंज के हैं।
रात 1.30 बजे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, हादसा बीती रात करीब 1.30 बजे हुआ। गोगाजी महाराज के दर्शन के लिए करीब 60 से ज्यादा लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से राजस्थान जा रहे थे। तभी पीछे से आ रहे कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली पलट गई और सवार लोग बुरी तरह कुचल गए। मौके पर ही 8 लोगों की मौत हो गई।
मरने वालों में बच्चे भी शामिल
हादसे में जिनकी जान गई, उनमें ईयू बाबू (40), रामबेटी, चांदनी (12), घनीराम (40), मोक्षी (40), शिवांश (6), योगेश (50), लेखराज (40) और विनोद (45) शामिल हैं। घायलों की संख्या 50 से अधिक है, जिनमें रघुवीर, हरिसिंह, प्रिंस, मूलचंद, दिव्या, शकुंतला, पातीराम, मुस्कान आदि शामिल हैं।
अस्पतालों में अफरा-तफरी
घायलों को कैलाश अस्पताल खुर्जा, सीएचसी जटिया, सीएचसी मुनि अस्पताल, जिला अस्पताल बुलंदशहर और अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया। गंभीर रूप से घायल करीब 20 लोगों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। फिलहाल 2 की हालत नाजुक बताई जा रही है।
सीएम योगी का शोक व मुआवजा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। सीएम ने जिला प्रशासन को सभी घायलों के समुचित इलाज के निर्देश भी दिए।
गोगामेड़ी जा रहे थे भक्त
कासगंज से रवाना हुए ये श्रद्धालु राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले स्थित गोगामेड़ी मंदिर जा रहे थे। सावन-भाद्रपद में यहां लाखों श्रद्धालु गोगाजी महाराज के दरबार में मत्था टेकते हैं। लेकिन आस्था की डगर पर निकले इन श्रद्धालुओं का सफर हादसे ने अधूरा कर दिया।
नई हवा की खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
शाम ढले लगा महंगाई का नया झटका | दूध की हर बूंद अब महंगी, जयपुर-दौसा के घरों पर सीधा असर
नई हवा’ की खबरें नियमित और अपने मोबाइल पर डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें
