भरतपुर में वारदात: महिला का बना रहा था वीडियो, मना किया तो कर दी फायरिंग

भरतपुर 

घर की छत पर अपने परिवार के साथ टहल रही एक महिला का एक युवक वीडियो बना रहा था, उसे ऐसा करने से टोका तो उसने अपनी पिस्तौल से परिवार के लोगों पर फायरिंग कर दी। शिकायत पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

घटना भरतपुर जिले के बयाना थाना इलाके में आने वाले दमदमा रोड स्थित गैस गोदाम इलाके की है। यहां किराए पर रहने वाले एक युवक देवनायारण योगी के भाई खुशीराम और भाभी अनीता बुढ़वार गांव से उससे मिलने आए थे। शाम करीब 7 बजे देवनारायण और उसके भाई-भाभी छत पर घूम रहे थे। तभी उसके घर के सामने वाले दूसरे मकान में रहने वाला युवक बबलू फौजी  छत पर आया और अनीता की वीडियो बनाने लगा।  

इस पर बबलू को वीडियो बनाने से  टोका तो बहस  हो गई और इस बीच बबलू उन्हें गालियां देते हुए नीचे जाकर पिस्तौल ले आया। बबलू ने सीधे तीन राउंड गोलियां देवनारायण और उसके भाई-भाभी पर चलाईं और एक गोली हवा में दाग दी।

देवनारायण और उसके भाई-भाभी ने छत पर छिप कर अपनी जान बचाई। देवनारायण ने यह सारी घटना अपने मोबाइल में कैद कर ली। गोलियों की आवाज सुन बबलू के परिजन भी छत पर आ गए और उसे घर में ले गए। देवनारायण ने इस घटना की सूचना तुरंत बयाना थाना पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बबलू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसके हथियार की भी जांच कर  रही है।

क्या आपने ये खबरें भी पढ़ीं?