जयपुर में जुटेंगे 29 राज्यों से 3200 शिक्षक | ‘शिक्षक राष्ट्र के लिए’ थीम पर होगा देश का सबसे बड़ा अधिवेशन

जयपुर 

देशभर के शिक्षकों का महासंगम अब गुलाबी नगरी में होने जा रहा है। जामडोली स्थित केशव विद्यापीठ 5 से 7 अक्टूबर तक अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (ABRSM) के नौवें त्रैवार्षिक राष्ट्रीय अधिवेशन का साक्षी बनेगा, जिसमें 29 राज्यों से आए करीब 3200 शिक्षक एक ही छत के नीचे विचार-मंथन करेंगे।

इस ऐतिहासिक अधिवेशन का विषय है—‘शिक्षक राष्ट्र के लिए’। उद्घाटन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, अनेक विश्वविद्यालयों के कुलपति, राष्ट्रीय स्तर के शिक्षाविद और विचारक भी मंच साझा करेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. नारायण लाल गुप्ता ने बताया कि अधिवेशन में शिक्षा की दिशा-दशा, नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP), सीमा सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में शिक्षक की भूमिका पर गहन चर्चा होगी। ‘राष्ट्रीय सुरक्षा—सीमा से समाज तक’ इस अधिवेशन का प्रमुख विमर्श होगा। साथ ही, NEP लागू होने के 5 वर्षों की उपलब्धियों और चुनौतियों पर प्रस्ताव पारित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान 6 अक्टूबर को तीन शिक्षकों को ‘अखिल भारतीय शिक्षा भूषण शिक्षक सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। राजस्थान के प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा, दिल्ली की प्रो. सुषमा यादव और केरल के वी. जे. श्रीकुमार को यह सम्मान मिलेगा। सम्मान स्वरूप 1 लाख रुपये नकद, प्रशस्ति पत्र और चांदी की थाली भेंट की जाएगी।

अधिवेशन की गरिमा और बढ़ेगी जब मंच पर आचार्य महामण्डलेश्वर अवधेशानन्द महाराज और आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी सुरेश सोनी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, यूजीसी के पूर्व अध्यक्ष प्रो. एम. जगदीश कुमार, एनसीईआरटी निदेशक प्रो. दिनेश सकलानी और आरएसएस क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य हनुमान सिंह राठौड़ भी विचार रखेंगे।

अधिवेशन के दौरान महासंघ की यात्रा पर आधारित विशाल प्रदर्शनी भी लगेगी, जिसका उद्घाटन उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी करेंगी।

तीन दिन तक चलने वाला यह आयोजन न केवल शिक्षकों के मन-मस्तिष्क को नई ऊर्जा देगा बल्कि भारत की प्राचीन गुरु-परंपरा और आधुनिक शिक्षा नीति को जोड़ते हुए राष्ट्र निर्माण की नई राह भी तय करेगा।

नई हवा’ की  खबरें  नियमित  और अपने मोबाइल पर डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए  व्हाट्सएप नंबर  9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें