भरतपुर। चुनावी माहौल के बीच भरतपुर के जयंती नगर स्थित फ्यूचर पॉइंट इंस्टीट्यूट में युवाओं और नव-मतदाताओं को मतदान की अहमियत समझाने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के इस्तेमाल और उसकी कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का फोकस खास तौर पर उन युवाओं पर रहा, जो पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने जा रहे हैं। उन्हें बताया गया कि लोकतंत्र में मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि शहर और समाज की दिशा तय करने की जिम्मेदारी भी है।
‘मतदान का महत्व जानो’ में निधि रावत ने मारी बाजी
युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए ‘मतदान महत्व जानो’ विषय पर प्रश्न प्रतियोगिता भी कराई गई। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
प्रतियोगिता में निधि रावत ने प्रथम, आदित्या शर्मा ने द्वितीय और चिराग शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथियों की ओर से टी-शर्ट, बैग और कैप देकर सम्मानित किया गया।
‘एक वोट पूरे शहर की दिशा बदल सकता है’
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि समाजसेवी सुरेश शर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता के पास सबसे बड़ी ताकत उसका वोट है। उन्होंने कहा कि मतदाता अपने मत के जरिए यह तय कर सकते हैं कि शहर की कमान किसके हाथों में होनी चाहिए।
सुरेश शर्मा ने युवाओं से मतदान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि एक-एक वोट शहर की दिशा और दशा बदलने की ताकत रखता है।
पहली बार वोट डालने का अनुभव भी खास
संस्था के निदेशक एवं कार्यक्रम के आयोजक पवन पाराशर ने कहा कि पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में अलग उत्साह और ऊर्जा होती है। उनके अनुसार, मतदान करना युवाओं के नागरिक जीवन में प्रवेश का महत्वपूर्ण पड़ाव है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने और उन्हें EVM की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव कराने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में संस्था कोऑर्डिनेटर कमलेश पाराशर, डिंपल सिंह, खुशबू कुंतल, कल्पना शर्मा, सौरभ सिंह, देवांग सैनी, संदीप तुषार, संदीप राजपूत और अर्थ बंसल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
रेलवे का बड़ा फैसला: नॉन-सेफ्टी पदों पर पदोन्नति में मिलेगा ‘बेस्ट अमंगस्ट द फेल्ड’ नीति का लाभ
