राजकीय कन्या महाविद्यालय उच्चैन में नशामुक्त भारत अभियान के तहत छात्राओं को मोबाइल की लत, तंबाकू और अन्य नशों के दुष्परिणाम बताए गए। छात्राओं ने नशामुक्त रहने की शपथ ली।
उच्चैन। नशे से दूरी बनाने की शुरुआत सिर्फ खुद को बदलने से नहीं, बल्कि अपने परिवार और समाज को जागरूक करने से भी होती है। इसी संदेश के साथ शनिवार को राजकीय कन्या महाविद्यालय, उच्चैन में नशामुक्त भारत अभियान के तहत ‘नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ आयोजित किया गया। ‘मिशन स्पंदन’ और ‘विकसित भारत की ओर एक सशक्त कदम’ की थीम पर हुए इस कार्यक्रम में छात्राओं को मोबाइल की लत से लेकर गुटखा, तंबाकू, धूम्रपान और मदिरापान जैसे नशों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर रीता शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, भरतपुर से आईं मुख्य वक्ता जागृति दीदी और उच्चैन से आईं ज्योति दीदी ने छात्राओं को संबोधित किया।
डिजिटल नशे के साथ पारंपरिक नशों के खतरों पर चर्चा
मुख्य वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक दौर में नशे की समस्या केवल तंबाकू, गुटखा, धूम्रपान और मदिरापान तक सीमित नहीं है, बल्कि मोबाइल की लत भी चिंता का विषय है। उन्होंने छात्राओं को इन आदतों से होने वाले शारीरिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी तथा नशे से बचाव के प्रभावी उपाय बताए। उन्होंने छात्राओं से आग्रह किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाकर स्वस्थ और खुशहाल वातावरण बनाने में हर व्यक्ति अपनी भूमिका निभा सकता है।
छात्राओं ने ली जीवनभर नशामुक्त रहने की शपथ
अभियान के दौरान महाविद्यालय में उपस्थित सभी छात्राओं को जीवनभर नशामुक्त रहने और समाज को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रीता शुक्ला को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। छात्राओं के मार्गदर्शन के लिए प्रेरणादायी और पठनीय सामग्री भी वितरित की गई।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. उपमा सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. धर्मेन्द्र शर्मा, डॉ. नरेश सागर, डॉ. पूनम दीक्षित, डॉ. रिचा गुप्ता और डॉ. अशोक जाटव सहित महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्यों का सहयोग रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं भी उपस्थित रहीं।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
घर की इन 5 आम चीजों में छिपा है ‘धीमा जहर’, कहीं आपके परिवार की सेहत पर तो नहीं मंडरा रहा खतरा?
