सवाईमाधोपुर जिला चिकित्सालय के SNCU में 730 ग्राम वजन वाले नवजात का करीब 40 दिन तक इलाज चला। डॉ. सियाराम मीना और टीम की देखरेख में हालत सुधरने पर छुट्टी दी गई।
सवाईमाधोपुर (चंदू शर्मा)। समय से पहले जन्म, महज 730 ग्राम वजन और सांस लेने में तकलीफ… जिंदगी की शुरुआत में ही मुश्किलों से घिरे नवजात को जिला चिकित्सालय के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में करीब 40 दिन तक उपचार और निगरानी में रखा गया। चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की सतत देखभाल के बाद नवजात की हालत में सुधार हुआ और शुक्रवार को उसे स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
जिला सवाईमाधोपुर के बेदा निवासी मंजू पत्नी हरिराम ने 7 सितंबर 2026 को समय से पहले दो बच्चों को जन्म दिया था। दोनों नवजातों का वजन सामान्य बच्चों की तुलना में काफी कम था। इनमें से एक नवजात का वजन महज 730 ग्राम था और उसे सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी। इसके बाद बच्चों को जिला चिकित्सालय के NCH भवन में संचालित SNCU में भर्ती कराया गया, जहां प्रमुख शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ एवं SNCU प्रभारी डॉ. सियाराम मीना की यूनिट में उपचार शुरू किया गया।
जिला चिकित्सालय के PMO डॉ. तेजराम मीणा के सानिध्य में संचालित इस यूनिट में डॉ. सियाराम मीना की निगरानी में नवजात को मशीन पर रखकर उपचार दिया गया। इलाज के दौरान संक्रमण की आशंका को देखते हुए आवश्यक उपचार किया गया। जरूरत के अनुसार ब्लड ट्रांसफ्यूजन भी किया गया। नवजात को करीब 19 दिन तक ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया, जबकि लगभग पांच दिन फोटोथेरेपी मशीन के माध्यम से उपचार दिया गया।
करीब 40 दिन तक चले उपचार और निरंतर निगरानी के दौरान नवजात के स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हुआ। इस अवधि में उसके वजन में लगभग 320 ग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालत में सुधार होने के बाद चिकित्सकों ने शुक्रवार को नवजात को अस्पताल से छुट्टी दे दी। लंबे उपचार के बाद बच्चे के स्वस्थ होकर घर जाने पर परिजनों में खुशी का माहौल रहा।
अस्पताल के अनुसार, SNCU की शुरुआत के बाद इतिहास में दूसरी बार ऐसा मामला सामने आया, जिसमें इतने कम वजन वाले नवजात को लगभग 40 दिन के उपचार और निगरानी के बाद स्वस्थ अवस्था में छुट्टी दी गई।
इस उपचार में SNCU प्रभारी एवं प्रमुख शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सियाराम मीना, वार्ड प्रभारी (नर्सिंग) राजेश गोयल तथा यूनिट के समस्त स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने समय पर उपचार, निरंतर निगरानी और आवश्यक देखभाल के माध्यम से नवजात के स्वास्थ्य में सुधार सुनिश्चित किया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
चीन की दादागिरी पर भारत का कड़ा प्रहार: लद्दाख की 28 जगहों के नाम तय, बौखलाए ड्रैगन को दो टूक जवाब
