रुदावल के डुमरिया गांव में बारिश से बचने के लिए बरगद के पेड़ के नीचे बैठे तीन लोगों पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में 17 वर्षीय नितेश गुर्जर की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
रुदावल (तरुण बंसल)। बारिश से बचने के लिए बरगद के पेड़ के नीचे लिया गया आसरा देखते ही देखते जानलेवा साबित हो गया। रुदावल थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव के जंगल में आकाशीय बिजली गिरने से 17 वर्षीय किशोर नितेश गुर्जर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई और एक वृद्ध महिला गंभीर रूप से झुलस गए।
जानकारी के अनुसार, डुमरिया गांव निवासी दोनों भाई नितेश गुर्जर और सुनील गुर्जर एक 60 वर्षीय केशर गुर्जर के साथ खेतों में पशु चराने गए थे। इसी दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए तीनों पास ही खड़े एक विशाल बरगद के पेड़ के नीचे बैठ गए।
लेकिन कुछ ही देर बाद आसमान से गिरी आकाशीय बिजली सीधे बरगद के पेड़ पर आ गिरी। बिजली की चपेट में आने से 17 वर्षीय नितेश गुर्जर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका बड़ा भाई सुनील गुर्जर और केशर गुर्जर गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन दोनों घायलों को तत्काल बयाना अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को भरतपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर रुदावल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। महज 17 साल की उम्र में नितेश की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। डुमरिया गांव में भी हादसे के बाद मातम पसरा हुआ है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
रेलवे का बड़ा फैसला: नॉन-सेफ्टी पदों पर पदोन्नति में मिलेगा ‘बेस्ट अमंगस्ट द फेल्ड’ नीति का लाभ
