दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ऋषिकेश से इंदौर जा रही बस ट्रेलर से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। हादसे में 8 यात्रियों की मौत और 25 घायल हुए। जानिए पूरी घटना।
दौसा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात ऐसा मंजर बना, जिसे देखकर राहतकर्मियों तक के रोंगटे खड़े हो गए। ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक निजी बस आगे चल रहे ट्रेलर में इतनी जोरदार टक्कर से जा घुसी कि अगले ही पल दोनों वाहन आग के गोले में बदल गए। कुछ ही मिनटों में बस चीख-पुकार से भर गई और कई यात्री बाहर निकलने की जद्दोजहद में आग की लपटों में फंस गए। इस दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 यात्री घायल हैं। घायलों में कई बच्चे भी शामिल हैं।
#Rajasthan: Fire broke out in a bus in #Dausa. So far, 7 passengers have died, more than 20 are injured. The bus was traveling from #Rishikesh to #Indore. A total of 39 passengers were on board. It suddenly collided with a truck ahead and caught fire. pic.twitter.com/XlEihZdu8m
— Siraj Noorani (@sirajnoorani) July 1, 2026
हादसा दौसा जिले के कोलवा थाना क्षेत्र में मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात करीब 2:30 बजे हुआ। बस में कुल 39 यात्री सवार थे। अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। अचानक हुए तेज धमाके और उसके तुरंत बाद उठीं आग की लपटों ने यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा ट्रेलर में धंस गया और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। जो यात्री दरवाजे और खिड़कियों तक पहुंच पाए, वे किसी तरह बाहर निकल गए, लेकिन कई लोग अंदर ही फंस गए। मौके पर हर तरफ चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल था।
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीण भी राहत कार्य में जुट गए। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि करीब एक घंटे तक बस धधकती रही। आग की तेज लपटों के कारण कई यात्रियों तक समय रहते पहुंचना संभव नहीं हो सका।
दौसा जिला अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा और एसपी पीयूष दीक्षित भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य की निगरानी की।
एसपी पीयूष दीक्षित के अनुसार, प्रारंभिक जांच में 6 यात्रियों की मौत आग में झुलसने से, जबकि 2 की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से हुई है। शुरुआती जांच में यह आशंका भी सामने आई है कि बस चालक को झपकी आने के कारण बस ट्रेलर से टकरा गई। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह की जांच अभी जारी है।
यात्रियों ने बताया कि हादसे का शिकार बस हंस ट्रेवल्स की थी, जो मंगलवार शाम करीब 5 बजे ऋषिकेश से इंदौर के लिए रवाना हुई थी। सफर सामान्य चल रहा था, लेकिन दौसा पहुंचते-पहुंचते एक पल की चूक ने पूरी यात्रा को मातम में बदल दिया।
हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दोनों तरफ यातायात रोकना पड़ा। जले हुए बस और ट्रेलर को हटाने तथा रास्ता साफ करने के बाद करीब एक घंटे बाद यातायात दोबारा शुरू कराया गया।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
