खेत में बिखर गया पूरा परिवार | पहले पत्नी और मासूम बच्चों का गला दबाया, फिर फंदे से लटककर दे दी जान

राजस्थान के फलोदी जिले के फतेहगढ़ गांव में किसान ने कथित रूप से पहले पत्नी और दो बच्चों की हत्या की, फिर खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

राजस्थान से मंगलवार सुबह ऐसी खबर सामने आई, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। खेतों में रोजी-रोटी कमाने वाला एक किसान कुछ ही घंटों में अपने पूरे परिवार का अंत कर गया। खेत में जब लोग पहुंचे तो सामने का मंजर रोंगटे खड़े कर देने वाला था—तीन शव जमीन पर पड़े थे और परिवार का मुखिया पेड़ से फंदे पर झूल रहा था।

यह दर्दनाक घटना फलोदी जिला मुख्यालय से करीब 42 किलोमीटर दूर देचू थाना क्षेत्र के फतेहगढ़ गांव की है। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती पड़ताल में मामला सामूहिक हत्या के बाद आत्महत्या का सामने आया है।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 35 वर्षीय गेनाराम, उसकी 32 वर्षीय पत्नी पुष्पा, 13 वर्षीय बेटी खुशबू और 10 वर्षीय बेटे किशन के रूप में हुई है। आशंका है कि गेनाराम ने पहले पत्नी और दोनों बच्चों का गला दबाकर उनकी हत्या की और इसके बाद खुद फंदे पर लटककर जान दे दी।

मंगलवार सुबह करीब आठ बजे खेत में चार शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने देखा कि महिला और दोनों बच्चों के शव जमीन पर पड़े थे, जबकि गेनाराम का शव फंदे से लटका हुआ था। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।

पत्नी की मानसिक बीमारी से परेशान था परिवार

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गेनाराम की पत्नी पुष्पा लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही थी। परिवार ने उसके इलाज के साथ-साथ उसे एक भोपा (तांत्रिक) के पास भी ले जाकर दिखाया था। परिजनों को विश्वास था कि उस पर किसी भूत-प्रेत का साया है। पुलिस का मानना है कि पारिवारिक तनाव और इसी परेशानी ने गेनाराम को इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर किया होगा। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

गेनाराम मूल रूप से पाली जिले के रोहट क्षेत्र का रहने वाला था। करीब पांच साल पहले वह रोज़गार की तलाश में फतेहगढ़ आ गया था। यहां वह खेतों में मजदूरी करता था और पत्नी व दोनों बच्चों के साथ वहीं रह रहा था। लेकिन मंगलवार की सुबह उसी खेत ने पूरे परिवार की अंतिम कहानी लिख दी।

पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। यदि कोई सुसाइड नोट या अन्य अहम सुराग मिलते हैं तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

अब छोटे क्लीनिक भी होंगे ‘स्मार्ट’ | ₹299 महीने में मिलेगा डिजिटल हॉस्पिटल सिस्टम, पर्ची से बिलिंग तक सब कुछ ऑनलाइन

मोबाइल पर बैंक, लेकिन भरोसा अब भी कागज पर | सिर्फ इंक और पेपर पर बैंकों ने उड़ा दिए 4 हजार करोड़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *