JEN भर्ती पेपर लीक मामले में SOG की बड़ी कार्रवाई, मास्टमाइंड जगदीश विश्नोई गिरफ्तार | जयपुर, दौसा और भरतपुर में SOG ने कई ठिकानों पर दी दबिश, करोड़ों की प्रॉपर्टी मिली

जयपुर 

जेईएन भर्ती पेपर लीक मामले में एसओजी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब साढ़े तीन साल से फरार मास्टमाइंड जगदीश विश्नोई को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले गिरफ्तार दो मुख्य आरोपियों के जयपुर, दौसा और भरतपुर में 14 से ज्यादा ठिकानों पर SOG की टीम ने गुरुवार सुबह दबिश दी। इसमें पेपर लीक के मास्टरमाइंड हर्षवर्धन मीणा (पटवारी) के दौसा-महवा और जयपुर, भरतपुर में 7 से ज्यादा ठिकाने शामिल हैं। स्कूल टीचर राजेंद्र कुमार यादव के आवास सहित उसके साथी के ठिकानों पर भी छापेमारी हुई।

चलो, आज कुछ अच्छा करते हैं…

हर्षवर्धन के पास 5.71 करोड़ और राजेंद्र के पास 15 करोड़ प्रॉपर्टी मिली। दौसा में एक बाबा के आश्रम में 4 घंटे कार्रवाई चली। एसआईटी टीम ने आज दोपहर बाद आरोपी जगदीश विश्नोई को जवाहर कला केंद्र के पास से गिरफ्तार किया। एडीजी एसओजी वीके सिंह ने बताया कि मास्टमाइंड जगदीश विश्नोई ही पूरी गैंग को ऑपरेट करता था और जेईएन भर्ती परीक्षा 2020 का पेपर लीक करने वाली गैंग का मास्टरमाइंड है। आरोपी जगदीश विश्नोई सांचौर थाना क्षेत्र के दाता गांव का निवासी है। इस गैंग में पटवारी हर्षवर्धन, राजेंद्र यादव सहित कई आरोपी शामिल है।

आरोपी जगदीश पेपर लीक मामले में पहले भी एक दर्जन से ज्यादा बार गिरफ्तार हो चुका है। जगदीश ने ही जयपुर के खातीपुरा स्थित मेजर दिग्विजय सिंह सुमन राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में साथी राजेंद्र यादव के साथ में मिलकर जेईएन भर्ती परीक्षा 2020 का पेपर लीक किया था।

इधर, मुख्य आरोपी हर्षवर्धन मीणा और साथी राजेन्द्र यादव के करीब एक दर्जन से भी ज्यादा ठिकानों पर एसओजी की टीमों ने आज छापेमारी की। सुबह से जयपुर और दौसा जिलों में कई जगहों पर जानकारी जुटाई जा रही है। जयपुर के वैशाली नगर और चित्रकूट इलाके में स्थित एक स्कूल में भी रेड डाली। झोटवाड़ा और करधनी क्षेत्र में भी एसओजी की टीमें पहुंची। जयपुर के अलावा हर्षवर्धन के दौसा जिले में स्थित मकान, दौसा के महुआ और आसपास के छह ठिकानों पर जांच की। शिक्षक राजेन्द्र कुमार यादव और उसके एसोशिएट पार्टनर के वर्धमान नगर, चित्रकूट, वैशाली नगर, झोटवाड़ा, करधनी में सर्च किया गया।

SOG-ASP नरेन्द्र मीणा के नेतृत्व में टीम ने गुरुवार सुबह दौसा के आगरा रोड स्थित एक बाबा के अस्थाई डेरे पर दबिश दी। टीम ने मास्टरमाइंड हर्षवर्धन की निशानदेही पर गोविंददेवजी मंदिर के सामने स्थित आवासीय स्कीम में बने अस्थाई आश्रम में सर्च किया। पुलिस जाप्ते के साथ पहुंची टीम ने आश्रम परिसर में गहनता से सर्च किया।

20 फरवरी को हुआ था खुलासा
आपको बता दें 6 दिसम्बर 2020 को राजस्थान के सभी शहरों में जेईएएन भर्ती परीक्षा आयोजित हुई थी, जिसका पेपर कुख्यात जगदीश विश्नोई ने लीक करवाया था। पिछले दिनों इस पूरे केस का खुलासा एसओजी एटीएस के एडीजी वीके सिंह ने 20 फरवरी को किया था। जेईएएन भर्ती पेपर लीक केस में करीब दो दर्जन आरोपी पिछले साढ़े तीन साल में अरेस्ट किए जा चुके हैं।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पहला आरोपी 50 हजार रुपए का इनामी हर्ष वर्धन कुमार मीणा है, जो दौसा के महुआ का रहने वाला है और वह पटवारी है। दूसरा आरोपी राजेंद्र कुमार यादव पुत्र द्वारका प्रसाद जयपुर के खातीपुरा का रहने वाला है। 55 वर्षीय राजेंद्र यादव तृतीय श्रेणी सरकारी अध्यापक है। तीसरे आरोपी का नाम भी राजेंद्र यादव है, जिसके पिता का नाम तेजपाल यादव है और वह कालाडेरा के पास टाडावास गांव का रहने वाला है। राजेंद्र सब इंस्पेक्टर भर्ती 2021 में चयनित हो चुका है। चौथा आरोपी शिवरतन मोट उर्फ शिवा है जो कि श्रीगंगानगर का रहने वाला है। यह आरोपी श्रीगंगानगर में सरकारी स्कूल में पदस्थ एक लाइब्रेरियन है। ये चारों सरकारी कर्मचारी पेपर लीक के आरोप में गिरफ्तार किए गए हैं।

अवैध निर्माण मिले तो चलेगा बुलडोजर 
अब इन आरोपियों की सम्पत्ति को लेकर जांच की जा रही है। अवैध मिलते ही उन पर बुलडोजर चलाने की तैयारी है। एसओजी के अधिकारियों ने बताया कि पेपर लीक करने के दौरान जो पैसा इन लोगों ने कमाया, उस पैसे से क्या क्या निर्माण किया गया या फिर क्या प्रॉपर्टी खरीदी गई इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। यह परीक्षा राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने कराई थी।

पेपर के बदले लिए थे 10 लाख रुपए
जगदीश विश्नोई अपनी गैंग के साथ मिलकर पेपर लीक करने का कार्य “ऑर्गेनाईज्ड वे” में लंबे समय से कर रहा है। जगदीश विश्नोई ने शहीद मेजर दिग्विजयसिंह सुमाल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खातीपुरा, जयपुर में अपने एक सहयोगी को भेजकर गैंग के सदस्य इस स्कूल के अध्यापक राजेन्द्र कुमार यादव की मदद से पेपर का फोटो करवाकर पेपर को स्कूल से बाहर निकलवाया था। जगदीश विश्नोई ने इसके बदले में राजेन्द्र कुमार यादव को 10 लाख रुपए दिए थे।

नई हवा’ की  खबरें नियमित और अपने मोबाइल पर डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर  9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं। 

चलो, आज कुछ अच्छा करते हैं…