रेलिंग का एंगल सीने में आर-पार | जयपुर में स्कॉर्पियो हादसा, कटर से काटकर निकाला शव, मौके पर मौत

जयपुर (Jaipur) के मुरलीपुरा में स्कॉर्पियो रेलिंग से टकराई, लोहे का एंगल ड्राइवर के सीने में घुस गया। पुलिस ने कटर से काटकर शव निकाला, कांवटिया हॉस्पिटल में मृत घोषित।

जयपुर 

जयपुर की सड़कों पर गुरुवार देर रात एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने देखने वालों की रूह कंपा दी। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक असंतुलित होकर बीच सड़क पर बनी लोहे की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रेलिंग का लोहे का एंगल शीशा तोड़ते हुए सीधे ड्राइवर के सीने में जा घुसा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसा मुरलीपुरा इलाके में देर रात करीब 2:40 बजे हुआ। हेड कॉन्स्टेबल रविंद्र कुमार के अनुसार मृतक की पहचान आनंद सिंह शेखावत (28) पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी सुंदर विहार करधनी के रूप में हुई है। वह स्कॉर्पियो चला रहा था। उसके साथ उसका दोस्त शक्ति प्रताप (22) निवासी देवधारा कॉलोनी, मुरलीपुरा भी मौजूद था, जो इस खौफनाक हादसे में बाल-बाल बच गया।

CGHS क्लेम पर बड़ी राहत | मेडिकल रीइम्बर्समेंट लिमिट 5 लाख से बढ़कर अब हो गई इतने लाख

बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त गुरुवार रात किसी काम से स्कॉर्पियो में निकले थे। दादी का फाटक से मुरलीपुरा की ओर जाते समय केडिया चौराहे के पास अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और स्कॉर्पियो सीधे सड़क के बीच लगी लोहे की रेलिंग से जा भिड़ी।

टक्कर के बाद रेलिंग का लोहे का एंगल शीशा चीरते हुए अंदर घुस गया और ड्राइवर आनंद सिंह के सीने में धंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मुरलीपुरा थाना पुलिस और एक्सीडेंट थाना वेस्ट की टीम मौके पर पहुंची।

मंजर इतना भयावह था कि पुलिस को लोहे के एंगल को कटर से काटना पड़ा, तब जाकर युवक के शव को बाहर निकाला जा सका। तुरंत एंबुलेंस की मदद से उसे कांवटिया हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर रात के समय तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक पल की चूक ने एक युवा जिंदगी को हमेशा के लिए खत्म कर दिया, जबकि उसके साथ बैठा दोस्त मौत को बेहद करीब से देखकर बच निकला।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

रेलवे कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत: अब प्रमोशन तय समय में | रेलवे बोर्ड ने जारी किया ‘मॉडल सिलेक्शन कैलेंडर’, इतने दिन में पूरी होगी प्रक्रिया

‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।