भरतपुर के लोहागढ़ स्टेडियम में पहली बार राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता होगी। 13 जिलों के करीब 220 खिलाड़ी 8 टेबल पर मुकाबले करेंगे।
भरतपुर। अब तक प्रदेश स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में दूसरे शहरों की मेजबानी देखने वाले भरतपुर को इस बार खुद बड़ा मौका मिला है। शहर में पहली बार राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। सोमवार से लोहागढ़ स्टेडियम के नवनिर्मित मल्टीपरपज हॉल में शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता में राजस्थान के 13 जिलों के करीब 220 महिला एवं पुरुष खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए स्टेडियम के हॉल में करीब आठ टेबल तैयार की गई हैं, जिनमें से कुछ विश्वस्तरीय हैं। जहां अलग-अलग मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 11 बजे होगा। जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने के लिए शहर के निजी होटलों में व्यवस्था की गई है। आयोजन को सफल बनाने के लिए एसोसिएशन के साथ भामाशाह भी सहयोग कर रहे हैं।
पहली बार भरतपुर को मिली प्रदेश स्तरीय मेजबानी
जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेन्द्र सारस्वत के अनुसार, भरतपुर में पहली बार इस स्तर की प्रतियोगिता आयोजित होना स्थानीय खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे शहर के खिलाड़ियों को प्रदेश के दूसरे जिलों से आए खिलाड़ियों के साथ मुकाबला करने और उनके खेल को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
नवनिर्मित हॉल के लिए भी देना होगा किराया, आयोजन खर्च बना चुनौती
इस आयोजन के बीच एक दिलचस्प पहलू यह भी है कि लोहागढ़ स्टेडियम का नवनिर्मित मल्टीपरपज हॉल एसोसिएशन को निशुल्क उपलब्ध नहीं कराया गया है। प्रतियोगिता के लिए हॉल का प्रतिदिन के हिसाब से किराया देना होगा। इसके अलावा खिलाड़ियों के ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं पर भी खर्च किया जा रहा है।
ऐसे में प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी के साथ आर्थिक इंतजाम करना भी एसोसिएशन के सामने चुनौती है। भामाशाहों के सहयोग से आयोजन को बेहतर तरीके से संपन्न कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
दूसरे जिलों के खिलाड़ियों से मुकाबले का मिलेगा मौका
एसोसिएशन के सचिव बैन्नो ए एंथनी का कहना है कि इस प्रतियोगिता से भरतपुर के स्थानीय टेबल टेनिस खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिलेगा। उन्हें प्रदेश के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और अपनी क्षमता परखने का अवसर मिलेगा। इससे शहर के युवाओं में टेबल टेनिस के प्रति रुचि बढ़ने की भी उम्मीद है।
एसोसिएशन का प्रयास है कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलें और भरतपुर भविष्य में भी प्रदेश स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी करता रहे।
इन 13 जिलों की टीमें लेंगी हिस्सा
– भरतपुर
– जयपुर
– कोटा
– बीकानेर
– जोधपुर
– चूरू
– अजमेर
– अलवर
– पाली
– गंगानगर
– भीलवाड़ा
– हुनमानगढ़
– बाड़मेर
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
खाटूश्यामजी से लौट रहे परिवार पर कहर: कोटा हाईवे पर खड़े ट्रक में घुसी क्रूजर, 9 की मौत
दो साल का इंतजार खत्म, सिविल जज बनने का बड़ा मौका, 365 पदों पर निकली PCS-J भर्ती; जानें कब से आवेदन
