खाटूश्यामजी से लौट रहे परिवार पर कहर: कोटा हाईवे पर खड़े ट्रक में घुसी क्रूजर, 9 की मौत

राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा के पास खड़े ट्रक से क्रूजर टकरा गई। हादसे में महाराष्ट्र के धुले जिले के एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हैं।

कोटा। धार्मिक यात्रा की खुशियां लेकर घर लौट रहा एक परिवार रास्ते में मौत के ऐसे मंजर से टकराया कि देखते ही देखते नौ जिंदगियां खत्म हो गईं। राजस्थान के कोटा में शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने महाराष्ट्र के धुले जिले के एक परिवार को उजाड़ दिया। क्रूजर में सवार परिवार के सदस्य खाटूश्यामजी और पुष्कर में दर्शन कर वापस लौट रहे थे। रास्ते में तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और उसमें बैठे लोग बुरी तरह फंस गए।

हादसा शनिवार रात करीब एक बजे कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास नांता थाना क्षेत्र में हुआ। क्रूजर में सवार आठ लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल माधवी की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इस तरह मृतकों की संख्या नौ पहुंच गई। मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

तीन गाड़ियों में निकला था परिवार, एक क्रूजर ने छीन लीं नौ जिंदगियां

पुलिस के मुताबिक, महाराष्ट्र के धुले जिले के एक ही परिवार के 36 सदस्य धार्मिक यात्रा पर निकले थे। मंगलवार को महाराष्ट्र से रवाना हुए परिवार ने पहले मध्यप्रदेश के ओंकारेश्वर में दर्शन किए। इसके बाद राजस्थान में पुष्कर और खाटूश्यामजी के दर्शन किए। परिवार के सदस्य तीन अलग-अलग गाड़ियों में सवार थे और सभी वाहन एक-दूसरे के आगे-पीछे चल रहे थे।

शनिवार रात खाटूश्यामजी से दर्शन कर सभी महाराष्ट्र के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान सबसे आगे चल रही क्रूजर कोटा के पास हादसे का शिकार हो गई। पीछे चल रहे वाहनों में सवार परिजन जब घटनास्थल पर पहुंचे तो उनके सामने अपनों को बचाने की चुनौती थी। क्रूजर में कई लोग बुरी तरह फंसे हुए थे। पुलिस और राहत दल ने काफी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को वाहन से बाहर निकाला।

ट्रक में खराबी आई तो सड़क किनारे रोका था वाहन, तभी पीछे से आ गई क्रूजर

हादसे में घायल ट्रक चालक हारून (43) निवासी खंडवा, मध्यप्रदेश ने बताया कि ट्रक में तकनीकी खराबी आने के कारण उसे सड़क किनारे रोकना पड़ा था। वह ट्रक से कुछ दूरी पर खड़ा होकर खराबी देख रहा था। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आई क्रूजर ने पहले उसे टक्कर मारी और फिर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि हारून उछलकर करीब 20 फीट दूर जा गिरा और बेहोश हो गया। करीब दस मिनट बाद होश आने पर उसने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे में उसके सिर और घुटनों में चोट आई है।

अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे घायल, एक महिला वेंटिलेटर पर

हादसे में घायल लोगों को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा के अनुसार, घायलों का उपचार किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल मनीषा को वेंटिलेटर पर रखा गया है।

हादसे में घायल जगदीश (10), मयूरी पवार (20), मनीषा पवार (45), शरद पवार (46), गणेश पवार (30), सृजेत (3) और ट्रक चालक हारून (43) शामिल हैं।

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान उषा बाई, सुशीला (55), कैलाश (45), सांवी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल (60), जाह्नवी (13) और माधवी के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य की निगरानी की। शुरुआती जांच में चालक को नींद की झपकी आने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।

नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने  के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।

दो साल का इंतजार खत्म, सिविल जज बनने का बड़ा मौका, 365 पदों पर निकली PCS-J भर्ती; जानें कब से आवेदन

भजनलाल के गृह जिले में भाजपा का सूपड़ा साफ, जिला परिषद में कांग्रेस का 21-9 से क्लीन स्वीप, पंचायत समितियों में निर्दलीयों का कब्जा

पीएफ खाते में अटकी रकम कैसे निकलेगी? EPFO के इस फैसले ने बदला निकासी का गणित | खाताधारकों को बड़ी राहत

One thought on “खाटूश्यामजी से लौट रहे परिवार पर कहर: कोटा हाईवे पर खड़े ट्रक में घुसी क्रूजर, 9 की मौत”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *