हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के नावर क्षेत्र में दरोटी संपर्क सड़क पर कार खाई में गिरने से मां-बेटे सहित पांच लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर घायल है।
शिमला। सुबह का वक्त था। मां-बेटा कार लेकर नेपाली मजदूरों को घास कटवाने के लिए गांव की ओर निकले थे, लेकिन सफर मंजिल तक पहुंचने से पहले ही दर्दनाक हादसे में बदल गया। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के नावर क्षेत्र में दरोटी संपर्क सड़क पर कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में मां-बेटे सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हादसे की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
एक ही परिवार के मां-बेटे की मौत, तीन नेपाली नागरिक भी नहीं बचे
इस हादसे में दरोटी गांव निवासी कुशल पुत्र प्रमोद और उसकी मां कल्पना देवी पत्नी प्रमोद की मौत हो गई। इनके अलावा तीन नेपाली नागरिकों की भी जान चली गई। मृतकों में निर्मला पत्नी पवन, मीना पत्नी प्रेम और रोशनी पुत्री प्रेम शामिल हैं। हादसे में घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देने के बाद शिमला रेफर किया गया है। पांच लोगों की मौत से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
घुमावदार पहाड़ी सड़क पर हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दरोटी संपर्क सड़क पहाड़ी क्षेत्र में स्थित है और यहां कई घुमाव हैं। दुर्घटनाग्रस्त कार सड़क के ऊपरी हिस्से से नीचे जा गिरी। कार की हालत देखकर हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मृतकों के परिजनों को 15-15 हजार रुपये की राहत
हादसे की पुष्टि तहसीलदार टिक्कर प्रियंजली और नायब तहसीलदार टिक्कर मेहर सिंह फिष्टा ने की है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर 15-15 हजार रुपये दिए गए हैं।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
RAS पंकज ओझा को चार्जशीट, 14 फेसबुक पोस्ट पर घिरे, सरकार ने दिया 15 दिन का अल्टीमेटम, अब क्या होगा?
