रामेश्वरी देवी कन्या महाविद्यालय (RD Girls College) में एनएसएस शिविर के छठे दिन सड़क सुरक्षा, सुशासन दिवस, पोस्टर प्रतियोगिता, संग्रहालय भ्रमण और स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।
सेवा, अनुशासन और जागरूकता—तीनों का संगम रामेश्वरी देवी कन्या महाविद्यालय परिसर में उस समय दिखाई दिया, जब राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय शिविर के षष्ठ दिवस की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और एनएसएस गीत के साथ हुई। कार्यक्रम ने छात्राओं को सड़क सुरक्षा से लेकर सुशासन और सांस्कृतिक विरासत तक, जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मधु शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में एनएसएस प्रभारी योगेन्द्र सिंह तथा तीनों इकाइयों के कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अंशु गुप्ता, श्री निशांत सिंह चौहान एवं सुश्री प्रीति मौर्य ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर दिनभर की गतिविधियों का शुभारम्भ कराया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता हरीश, ए.एस.आई., यातायात विभाग ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क पर एक छोटी-सी लापरवाही जीवनभर का दर्द बन सकती है। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ट्रैफिक नियमों के पालन और जिम्मेदार वाहन संचालन पर विशेष जोर दिया। इसी क्रम में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों द्वारा यातायात एवं सड़क सुरक्षा विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें स्वयंसेविकाओं ने जागरूकता संदेशों को रंगों और विचारों में ढाला।
दूसरे सत्र में सुशासन दिवस के अवसर पर एनएसएस प्रभारी योगेन्द्र सिंह ने भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके जीवन, विचार और सुशासन की अवधारणा से छात्राओं को परिचित कराया। इसके बाद महाविद्यालय के सदस्य एवं स्वयंसेविकाओं को सुशासन की शपथ दिलाई गई।
शिविर की गतिविधियों को कक्षा से बाहर ले जाते हुए एनएसएस की चारों इकाइयों की स्वयंसेविकाओं को भरतपुर संग्रहालय भ्रमण पर ले जाया गया। संग्रहालय अध्यक्ष श्री राजन कुमार ने छात्राओं को संग्रहालय की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, कलात्मक एवं पुरातात्विक विशेषताओं की जानकारी दी। भ्रमण के उपरांत स्वयंसेविकाओं द्वारा महाविद्यालय परिसर एवं संग्रहालय परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
इस अवसर पर यातायात कर्मी सुरेश सिंह, भूपाल, पवन, महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्य तथा एनएसएस सहायक मनेन्द्र दत्त शर्मा, देवी सहाय मीणा, मनीष पुरी, दीपक, उज्जवल सैन, राहुल राणा, जीवन, जोगेन्द्र सिंह, राहुल, कुमकुम, नारायण पटेल, सुरेन्द्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं।
नई हवा की खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
2026 में कौन-सा त्योहार कब पड़ेगा, जानिए महीना-दर-महीना पूरा शेड्यूल
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
