भरतपुर जिला व्यापार महासंघ ने नगर निगम आयुक्त के आश्वासन के बाद 17 मई का अनशन स्थगित कर दिया है। हालांकि 26 मई का भरतपुर बंद फिलहाल बरकरार रखा गया है।
‘नई हवा’ की खबरों से जुड़ने के लिए हमारे WhatsApp Channel को follow करें ।
भरतपुर
सड़क चौड़ीकरण और व्यापारियों के हितों को लेकर चल रहे विवाद के बीच भरतपुर जिला व्यापार महासंघ ने 17 मई को प्रस्तावित अनशन कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया है। हालांकि महासंघ ने साफ कर दिया है कि यदि प्रशासन ने तय समय तक ठोस और लिखित निर्णय नहीं लिए, तो 26 मई को प्रस्तावित भरतपुर बंद और आंदोलन जारी रहेगा।
जिला महामंत्री Vipul Sharma ने बताया कि नगर निगम आयुक्त Shravan Vishnoi द्वारा महासंघ को पुनः वार्ता के लिए आमंत्रित किया गया था। इस बैठक में जिलाध्यक्ष Sanjeev Gupta, जिला कोषाध्यक्ष Jai Prakash Bajaj एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष नगर निगम Indrajeet Bhardwaj भी शामिल रहे।
महासंघ के अनुसार इससे पहले 14 मई को भी निगम आयुक्त द्वारा वार्ता की गई थी। दो दौर की बातचीत के बाद प्रशासन ने कई अहम बिंदुओं पर आश्वासन दिया है। आयुक्त ने बताया कि हीरादास से कुम्हेर गेट तक सड़क की चौड़ाई 100 फुट रखी जाएगी।
वार्ता में यह भी तय हुआ कि सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाली जिन दुकानों की गहराई तोड़फोड़ के बाद 10 फुट या उससे कम रह जाएगी, उन्हें अन्य स्थान पर पुनर्स्थापित किया जाएगा। वहीं जिन दुकानों की गहराई 12 फुट से अधिक बचेगी, उनके टूटने वाले हिस्से के लिए मुआवजा दिया जाएगा।
प्रशासन ने नए मास्टर प्लान में 100 फुट सड़क का इंद्राज कराने तथा प्रभावित व्यापारियों को पट्टे देने का भरोसा भी दिलाया। किराएदार दुकानदारों को रिजर्व प्राइस पर दुकानें उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। इसके लिए 14 मई से नापतोल और सर्वे का कार्य शुरू कर दिया गया है। सर्वे पूरा होने के बाद सूची महासंघ के साथ साझा की जाएगी।
महासंघ को यह भरोसा भी दिया गया कि सेवर, मानसिंह सर्किल से अछनेरा रोड और बिनारायण गेट से सिरकी वाले हनुमान मंदिर तक के प्रभावित क्षेत्रों में भी आपसी सहमति से आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने इन मामलों पर निर्णय के लिए कुछ समय मांगा है।
नगर निगम आयुक्त के अनुरोध और आश्वासनों को देखते हुए महासंघ ने फिलहाल अनशन स्थगित कर दिया है, लेकिन 26 मई को प्रस्तावित भरतपुर बंद वापस नहीं लिया गया है। महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि 26 मई तक सर्वे और अन्य क्षेत्रों को लेकर लिखित रूप में ठोस निर्णय नहीं हुए, तो व्यापारी आंदोलन और भरतपुर बंद यथावत रहेगा।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
‘नई हवा’ की खबरों से जुड़ने के लिए हमारे WhatsApp Channel को follow करें ।
