भुसावर (Bhusawar) से 15 मार्च 2026 को कैला देवी धाम करौली के लिए अखण्ड ज्योति पदयात्रा रवाना होगी। श्रद्धालु भक्ति और उत्साह के साथ मां के दरबार में हाजिरी लगाने निकलेंगे।
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
भुसावर
होलिका दहन और बास्योड़ा शीतला माता पूजन के साथ ही अब आस्था की डगर पर हजारों कदम बढ़ने को तैयार हैं। मां राजराजेश्वरी कैला देवी मंदिर के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए भुसावर से हर वर्ष की तरह इस बार भी अखण्ड ज्योति पदयात्रा रवाना होगी। भक्तों के जयकारों और भक्ति के उत्साह से पूरा कस्बा गूंजने लगा है।
मां भगवती भक्त मण्डल भुसावर द्वारा आयोजित यह अखण्ड ज्योति पदयात्रा 15 मार्च 2026 को सुबह 8 बजे शैतान पाडा देवी मां मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू होगी। इसके बाद पदयात्रा सपाट, मुख्य बाजार, सराफा बाजार, पुरानी अनाज मंडी और कानूनगो मोहल्ला होते हुए करौली स्थित कैला देवी धाम के लिए प्रस्थान करेगी।
हर साल पदयात्रा से निभाते हैं श्रद्धा का संकल्प
भक्त मण्डल के सदस्यों लक्ष्मण सैनी (सांप) हलवाई, बबलू सोनी नदवईया, छोटू पेटिज वाले और सोनू सोनी ई-मित्र वालों ने बताया कि यह पदयात्रा वर्षों से निरंतर आयोजित की जा रही है। इसमें शामिल श्रद्धालु कठिन पदयात्रा कर मां के दरबार में पहुंचते हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना करते हैं।
कैला देवी धाम की पदयात्रा में राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा से भी हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। चैत्र नवरात्र से पहले ही भक्तों का सैलाब करौली की ओर बढ़ने लगता है।
पहले दिन वल्लभगढ़ में विश्राम, भक्त मण्डल ने संभाली पूरी जिम्मेदारी
पदयात्रा के पहले दिन श्रद्धालुओं का विश्राम वल्लभगढ़ में होगा, जबकि रात्रि पड़ाव क्यारदा वाले हनुमानजी मंदिर के पास स्थित स्कूल में रहेगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भोजन, नाश्ता और ठहरने की पूरी व्यवस्था मां कैला देवी भक्त मण्डल कमेटी द्वारा की जाएगी।
भक्त मण्डल के सभी सदस्य पदयात्रा की तैयारियों में जुटे हुए हैं और प्रत्येक भक्त को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कस्बे में इस पदयात्रा को लेकर श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का विशेष माहौल बना हुआ है।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
