जयपुर (Jaipur) के चौमूं (Chomu) में पत्थरबाजी के बाद प्रशासन का बड़ा एक्शन, अवैध मीट दुकानों और अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, 19 आरोपी गिरफ्तार।
जयपुर
राजधानी जयपुर से सटे चौमूं कस्बे में शुक्रवार सुबह ऐसा मंजर दिखा, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। 25 दिसंबर की रात मस्जिद के बाहर रेलिंग लगाने को लेकर हुई पत्थरबाजी की घटना के बाद प्रशासन ने अब सीधा और सख्त संदेश दे दिया। नगर परिषद की टीम ने सड़क सीमा में बने अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चला दिया।
सुबह करीब 7 बजे चौमूं में प्रशासनिक कार्रवाई शुरू हुई। मौके पर चार बुलडोजर, सात ट्रैक्टर-टॉली और डंपर उतारे गए। जिन अवैध मीट दुकानों और रैंपों को नोटिस दिया गया था, उन पर बिना किसी नरमी के कार्रवाई की गई। इस दौरान एक मकान और दो कॉम्प्लेक्स भी सीज कर दिए गए।
नोटिस की अनदेखी पड़ी भारी
प्रशासन ने पहले ही 24 अवैध निर्माणों को तीन नोटिस जारी कर 31 दिसंबर तक खुद अतिक्रमण हटाने का समय दिया था, लेकिन किसी ने जवाब देना भी जरूरी नहीं समझा। नतीजा—नगर परिषद ने सड़क पर कब्जा कर बनाई गई अवैध मीट/नॉनवेज दुकानों को ध्वस्त कर दिया। इतना ही नहीं, अन्य अवैध दुकानों और रैंप हटाने के लिए 3 दिन का अल्टीमेटम भी जारी किया गया है। साफ चेतावनी है—खुद नहीं हटाया तो ध्वस्तीकरण का खर्च भी संचालकों से वसूला जाएगा।
भारी पुलिस जाब्ता, अफसर खुद मोर्चे पर
इलाके में तनाव की आशंका को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात रहा। डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद मीणा और एडिशनल डीसीपी राजेश गुप्ता खुद मौके पर मौजूद रहे। पुलिसकर्मी हेलमेट, लाठी और सेफ्टी जैकेट के साथ हर गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए थे।
पत्थरबाजी केस में 19 गिरफ्तार, तलाश जारी
25 दिसंबर की उपद्रव की घटना के बाद पुलिस ने अब तक 19 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक 34 नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान, जानलेवा हमला और राजकार्य में बाधा डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। शेष आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
मुख्तार अली, आकिब, मोहसीन खान, उमरबेग, जहीन खान, हैदर अली, समीर, आबिद, सलमान, अरबाज, कामरान, ताहिर आलम, जाबाज, फरदीन, शाहरुख, फैजान खान, जावेद खान, जावेद कुरैशी और वसीम कुरैशी।
नई हवा की खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
ओला-उबर की मनमानी पर ब्रेक | ‘भारत टैक्सी’ की एंट्री, ड्राइवर मालिक, यात्री बेफिक्र
‘नई हवा’ की खबरों को Subscribe करने के लिए हमारे WhatsApp Channel से जुड़ें।
