कोटा रेलवे कॉलोनी में 10 साल के मासूम मयंक की हत्या से सनसनी फैल गई। झाड़ियों में मिला शव, लोगों का प्रदर्शन, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी।
‘नई हवा’ की खबरों से जुड़ने के लिए हमारे WhatsApp Channel को follow करें ।
कोटा
कोटा की रेलवे कॉलोनी में ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया जिसने हर मां-बाप की रूह कंपा दी। शाम को घर से खेलने निकला 10 साल का मासूम मयंक देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार पहले उसे आसपास तलाशता रहा, लेकिन कुछ घंटों बाद जो मिला उसने पूरी कॉलोनी को सन्न कर दिया। पुलिस के अनुसार शव को जंगली जानवरों ने नोच दिया था जिससे शरीर के अंग इधर-उधर बिखरे पड़े मिले।
रेलवे कर्मचारी अमर सिंह मीणा के बेटे मयंक का शव सुनसान इलाके की झाड़ियों में पड़ा मिला। मासूम के शरीर पर चोटों के गहरे निशान थे। बेटे की हालत देखकर परिजनों की चीखें निकल गईं और कुछ ही देर में पूरी रेलवे कॉलोनी में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बालक की हत्या सिर पर भारी पत्थर से वार करके की गई। इसके बाद शव को जंगल में फेंक दिया जहां जानवरों ने उसे क्षत-विक्षत कर दिया। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है। बालक की हत्या उसके साथ रहने वाले एक नाबालिग द्वारा किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी तथ्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
हत्या की खबर आग की तरह फैली तो मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मीणा समाज के लोग भी बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने रेलवे वर्कशॉप गेट के बाहर जमकर प्रदर्शन किया और पुलिस-रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों का साफ कहना था—’अगर इलाके की झाड़ियां और खाली क्वार्टर पहले साफ कराए जाते तो शायद एक मासूम की जान बच जाती।’
सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और उपाधीक्षक समेत कई बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से सबूत जुटाए गए। बाद में शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
फिलहाल पुलिस इस सवाल में उलझी है कि आखिर 10 साल के बच्चे की इतनी बेरहमी से हत्या किसने और क्यों की? शुरुआती जांच में बच्चों के बीच रुपयों के लेनदेन को विवाद की वजह माना जा रहा है, लेकिन पुलिस अभी हर एंगल से जांच कर रही है।
घटना के बाद रेलवे कॉलोनी के लोगों में भारी डर और गुस्सा है। स्थानीय लोगों ने मांग उठाई है कि रेलवे की खाली जमीन से झाड़ियों को तुरंत हटाया जाए, फेंसिंग कराई जाए और खाली पड़े क्वार्टर्स में अवैध रूप से रह रहे बाहरी लोगों को बाहर निकाला जाए।
नई हवा खबरें अपने मोबाइल पर नियमित और डायरेक्ट प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9460426838 सेव करें और ‘Hi’ और अपना नाम, स्टेट और सिटी लिखकर मैसेज करें। आप अपनी खबर या रचना भी इस नंबर पर भेज सकते हैं।
30 की उम्र में ही हड्डियां हो रहीं खोखली | ये आदतें चुपचाप शरीर को बना रही हैं ‘फ्रैक्चर मशीन’
‘नई हवा’ की खबरों से जुड़ने के लिए हमारे WhatsApp Channel को follow करें ।
