ब्लड कैंसर से जूझ रहीं 68 साल की किरण खेर, हाथ टूटने के बाद बीमारी का पता चला

मुंबई

बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस और और चंडीगढ़ से भाजपा सांसद किरण खेर के ब्लड कैंसर डायगनॉस किया गया है। 68 साल की एक्ट्रेस का इलाज मुंबई में चल रहा है और वे रिकवर हो रही हैं। चंडीगढ़ भाजपा के अध्यक्ष अरुण सूद ने यह जानकारी मीडिया को दी है। उनके मुताबिक, एक्ट्रेस को यह बीमारी पिछले साल नवंबर में डिटेक्ट हुई थी। इन खबरों पर किरण की ओर से उनके पति अनुपम खेर और बेटे सिकंदर खेर ने ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी किया है। इस स्टेटमेंट में उन्होंने किरण को ब्लड कैंसर होने की पुष्टि की है और इसके साथ ही लोगों से अपील है कि किरण खेर के लिए प्रार्थना करें। अनुपम खेर के इस पोस्ट पर कई सेलेब्रिटीज ने भी प्रतिक्रियाएं दी हैं।

हाथ टूटने के बाद डिटेक्ट हुई बीमारी
अरुण सूद ने अपने बयान में कहा, ‘पिछले साल 11 नवंबर को चंडीगढ़ स्थित घर में किरण का बायां हाथ टूट गया था। चंडीगढ़ के पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGIMER) में जांच कराने के बाद पता चला कि उन्हें मल्टीपल मायलोमा है। बीमारी उनके बाएं हाथ से लेकर दाएं कंधे तक फैल चुकी थी। 4 दिसंबर को उन्हें मुंबई लाया गया। उन्हें इलाज के लिए कोकिलाबेन हॉस्पिटल में रेगुलर जाना पड़ता है।’

अनुपम खेर ने किया इमोशनल पोस्ट
अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- ‘अफवाहों से हालात बेहतर नहीं होंगे, इसलिए मैं और सिकंदर सभी को ये जानकारी देना चाहते हैं कि किरण को मल्टीपल Myeloma डायगनॉस किया गया है, एक तरह का ब्लड कैंसर। उनका इस वक्त ट्रीटमेंट चल रहा है और मुझे पूरा भरोसा है कि वो इससे पहले से भी ज्यादा मजबूत बनकर बाहर निकलेंगी’।
दिल की बहुत अच्छी इंसान…
उन्होंने आगे लिखा- ‘हम भाग्यशाली हैं कि उनकी देखभाल अभूतपूर्व डॉक्टर्स की टीम कर रही है। वो हमेशा से ही एक फाइटर रही हैं और चीजों को खुद ही संभाल लेती हैं। वो दिल की बहुत अच्छी इंसान हैं, इसलिए उनके पास कई लोग हैं जो उन्हें प्यार करते हैं। उन्हें अपना प्यार भेजते रहें, अपने दिल में और अपनी प्रार्थनाओं में। वहीं अभी अपनी रिकवरी की ओर हैं, सभी के प्यार और सपोर्ट के लिए शुक्रिया’।

सेलेब्स ने की दुआएं
अनुपम से इस पोस्ट पर कई फैंस के साथ-साथ सेलेब्रिटीज ने भी कमेंट करके किरण खेर के लिए प्रार्थना की है। इस पोस्ट पर परिणीति चोपड़ा, शिल्पा शेट्टी, नीतू सिंह, करणवीर बोहरा, महिमा चौधरी, ईशा गुप्ता और दिव्या खोसला कुमार जैसे सेलेब्स ने किरण खेर की स्पीडी रिकवरी की दुआएं की हैं।
1983 में फिल्मों में आई थीं किरण
किरण ने 1983 में रिलीज हुई पंजाबी फिल्म ‘आसरा प्यार दा’ से फिल्मों में एंट्री ली थी। बॉलीवुड में उनकी पहली फिल्म ‘पेस्तोंजी’ (1988) थी। उन्हें हिंदी फिल्म ‘सरदारी बेगम'(1996) के लिए पहली बार नेशनल (स्पेशल जूरी) फिल्म अवॉर्ड मिला था। बांग्ला फिल्म ‘बारीवाली/द लेडी ऑफ द हाउस’ (1999) के लिए उन्होंने दूसरा नेशनल अवॉर्ड जीता था। उनकी अन्य पॉपुलर फिल्मों में देवदास’ (2002), ‘वीर जारा’ (2004), ‘ओम शांति ओम’ (2007) और ‘खूबसूरत’ (2014) शामिल हैं। किरण खेर ने 2014 में पहला लोकसभा चुनाव लड़ा था। उन्होंने कांग्रेस के पवन बंसल और आम आदमी पार्टी की गुल पनाग को हराया था। 2019 में एक बार फिर वे पवन बंसल को हराकर लोकसभा सांसद चुनी गई थीं।

किरण की पर्सनल लाइफ
किरण ने पहली शादी मुंबई बेस्ड बिजनेसमैन गौतम बैरी से की थी, जिनसे उनका बेटा सिकंदर है। बाद में अभिनेता अनुपम खेर से उनकी नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने बैरी से तलाक लेकर उनसे शादी कर ली। अनुपम और किरण की कोई संतान नहीं है। लेकिन सिकंदर उनके साथ ही रहते हैं और अनुपम उन्हें अपने सगे बेटे की तरह ही प्यार करते हैं।